= परिजनों ने उतारा लेकिन नहीं बच सकी जान, पुलिस जांच में मां ने बताया मानसिक बीमार
संवाद न्यूज एजेंसी
पुरवा। पश्चिमटोला मोहल्ले में सोमवार रात युवक का शव बरामदे में लगे पंखे के कुंडे में दुपट्टे के फंदे से लटका मिला। लघुशंका करने उठी मां ने बेटे को लटका देखा। परिजनों ने आनन-फानन फंदे से उतारा, तब तक मौत हो चुकी थी। परिजनों ने मानसिक बीमार बताया है।
मोहल्ला पश्चिमटोला निवासी किसान सूरजबाबू सविता (32) का शव फंदे से लटका मिला। जांच करने पहुंची पुलिस को मां गायत्री ने बताया कि सूरज कुछ समय से मानसिक बीमार था। उसका इलाज कराया जा रहा था। सोमवार रात करीब दो बजे वह लघुशंका के लिए उठीं तो देखा बेटे का शव बरामदे में लगे पंखे के कुंडे में दुपट्टे के फंदे से लटक रहा था। यह देख वह चीख पड़ी। अन्य परिजन भी उठ गए। आनन-फानन बेटे को फंदे से नीचे उतारा, तब तक मौत हो चुकी थी।
मां ने बताया कि बेटे का विवाह रायबरेली डलमऊ के गांव घोरवारा निवासी पम्मी के साथ हुआ था। तीन साल की बेटी शिवी है। बेटे की हालत सही न होने से पत्नी पांच महीने से अपने मायके से नहीं आई है। इकलौते बेटे की मौत से माता-पिता, बहन दामिनी और अन्य परिजन बेहाल हैं। कोतवाल भवन सिंह मौर्य ने बताया कि युवक का कानपुर में इलाज चल रहा था। मानसिक अस्वस्थ होने से उसके यह कदम उठाने की बात सामने आई है।