बसपा सुप्रीमो मायावती सोमवार को शहर के जीआईसी मैदान में आयोजित चुनावी जनसभा में लोगों को संबोधित कर रही थीं। इस दौरान उन्होंने नोटबंदी पर जहां पीएम मोदी को घेरा वहीं कानून व्यवस्था पर अखिलेश सरकार को कठघरे में खड़ा किया। चार बार सूबे की मुख्यमंत्री रह चुकीं मायावती ने कांग्रेस को निशाने पर लेते हुए कहा कि 37 साल प्रदेश और 54 साल केंद्र में कांग्रेस ने राज किया। आखिरकार गलत नीतियों के कारण कांग्रेस केंद्र से तो गई ही कई प्रदेशों से भी बाहर हो चुकी है। अब प्रदेश में सपा के साथ गठबंधन करके चुनाव लड़ रही है। कांग्रेस ने उस सपा के साथ गठबंधन किया है जिसके पांच साल के कार्यकाल में लूट, चोरी, हत्या, महिला उत्पीड़न समेत अन्य अपराधों की बाढ़ सी आ गई। वहीं सूबे में मुजफ्फरनगर समेत 500 दंगे हुए। मथुरा में जमीनों को लेकर खूनी संघर्ष (जिसमें एक पुलिसवाले को अपनी जान तक गंवानी पड़ी) और दादरी व बुलंदशहर जैसे बलात्कार कांड भी इसी शासनकाल में हुए। वहीं लोकसभा चुनाव में झूठे वादे करके सत्ता पाने वाले पीएम मोदी एक भी वादा पूरा नहीं कर पाए। न विदेशों से कालाधन वापस आया और ना ही किसी गरीब के खाते में एक रुपया पहुंचा। पीएम मोदी के वादे केवल जुमलेबाजी होकर रह गए। ऊपर से लोगों का अपने वादों से ध्यान खींचने के लिए बड़े नोटबंद कर दिए। इसका फायदा केवल और केवल पूंजीपतियों व धन्नासेठों को हुआ। गरीब बेचारा बैंकों में लाइन लगाकर धक्के खाता रहा। मायावती ने कहा कि अब लोगों को इस चुनाव में फैसला करना है कि किसको सत्ता की चाभी सौंपनी है।
पहले ही अपनों का पैसा ठिकाने लगाया
बसपा सुप्रीमो ने आरोप लगाया कि उन्हें ऐसी जानकारी मिली है कि नोटबंदी के 10 माह पूर्व ही पीएम मोदी ने पार्टी पदाधिकारियों व पूंजीपतियों का कालाधन ठिकाने लगा दिया था। आज तक नहीं बताया कि कितना कालाधन जमा किया। ऐसे में उन्हें लगता है पूरी दाल ही काली है। कहा कि भाजपा ने चहेतों व धन्नासेठों को और धनवान बना दिया।
दलितों, गरीबों का हुआ शोषण
मायावती ने कहा कि हीन व जातिवादी मानसिकता के चलते केंद्र ने दलितों, गरीबों व आदिवासियों का शोषण किया है। इसी कारण पदोन्नति आरक्षण को भी आज तक प्रभावहीन बनाया हुआ है। इसमें बीजेपी की सपा व कांग्रेस से अंदरूनी सेटिंग है। इस दौरान वह गुजरात व हैदराबाद के वेनुलाकांड का भी जिक्र करना नहीं भूली। कहा कि ऐसे कांड कभी भुलाए नहीं जाते हैं। आगाह किया किसी कारणवश ऐसे लोग यदि प्रदेश में आ जाएंगे तो आरएसएस के एजेंडे पर चलकर आरक्षण को या तो खत्म कर देंगे या प्रभावहीन बना देंगे। चेताया कि ऐसे में रोहित वेनुला जैसे कांड प्रदेश में भी होंगे।
मुलायम से पुत्रमोह में भाई का कराया अपमान
पिछले दिनों सपा कुनबे में मचे घमासान पर मायावती ने मुहं खोला और मुलायम सिंह यादव को निशाने पर लिया। कहा कि पुत्र मोह में मुलायम ने भाई शिवपाल को जनता के सामने अपमानित किया है। ऐसे में शिवपाल खेमे के लोग अंदर-अंदर अखिलेश को ही नुकसान पहुंचाएंगे और हराने की कोशिश करेंगे। इससे उनका वोटबैंक बंट जाएगा। यदि अल्पसंख्यक समाज के लोग सपा को अपना वोट देंगे तो वह बेकार जाएगा जिसका फायदा भाजपा को होगा। इसलिए इस नुकसान से बचने के लिए लोग बसपा को वोट दें। चुनावी गणित बताते हुए मायावती ने कहा कि पार्टी के प्रति दलित वोटबैंक पूरी तरह से एकजुट है। यदि अल्पसंख्यक समुदाय का वोट मिला तो इससे बीजेपी को तो तगड़ा नुकसान होगा और बसपा को सरकार बनाने से कोई रोक नहीं सकेगा।
आर्थिक आधार पर आरक्षण की बात कह डाले डोरे
जनसभा में आर्थिक आधार पर अगड़ों व अल्पसंख्यकों को आरक्षण दिए जाने की हिमायत की। कहा कि पार्टी अपर कास्ट व अल्पसंख्यकों के गरीबों को आर्थिक आधार पर आरक्षण देने की पक्षधर रही है। यदि सत्ता मिली तो वह इसके लिए केंद्र सरकार से बात करेंगी। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार को अल्पसंख्यक विरोधी बताया। कहा कि जामिया मिलिया विश्वविद्यालय का अल्पसंख्यक दर्जा छीनने का प्रयास किया जा रहा है। तीन तलाक के मुद्दे पर हस्तक्षेप हो रहा है। यह सही नहीं है। वहीं गोरक्षा, लवजिहाद और संस्कृति के नाम पर उत्पीड़न किया जा रहा है। आतंकवाद के नाम पर अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों को संदिग्ध नजरों से देखा जा रहा है।
अबकी सरकार बनने पर नहीं लगेंगी मूर्तियां
बसपा सुप्रीमो ने कहा कि यदि सरकार बनी तो इस बार मूर्तियां नहीं लगेंगी। न ही स्मारक बनेंगे और ना ही संग्रहालय। इस बार केवल और केवल जनता के विकास के लिए हर स्तर पर काम होगा। कहा कि सरकार बनने पर सपा शासनकाल में लिए गए आर्थिक मामलों के फैसलों व सरकारी भर्तियों की जांच होगी। कहा कि बिना शादीशुदा वाली सरकारी महिला कर्मचारियों को उनके स्थायी जिले में ही पोस्टिंग का तोहफा दिया जाएगा। वहीं शादीशुदा महिलाकर्मियों को उनके पति के पोस्टिंग वाले जिलों में भेजा जाएगा। स्कूलों में बच्चों को पका-पकाया भोजन न देकर दूध, बिस्किट, अंडा, फल आदि दिए जाएंगे। किसानों के एक लाख रुपये के कर्जे माफ होंगे। बसपा सरकार लोगों को लैपटाप व मोबाइल न देकर उन्हें आर्थिक मदद देगी। जनसभा के दौरान बसपा के सदर प्रत्याशी पंकज त्रिपाठी मौजूद रहे।