उन्नाव। प्रसव के लिए एंबुलेंस से जिला अस्पताल आ रही महिला को दर्द अधिक बढ़ने पर ईमटी (इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन) ने एंबुलेंस में ही सुरक्षित प्रसव कराया। प्रसव के बाद जच्चा व नवजात बच्ची सुरक्षित है। बाद में जच्चा को महिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
नवाबगंज ब्लॉक के गांव सिंधुरिया निवासी अनिल की पत्नी जानकी को प्रसव पीड़ा होने पर पति ने एंबुलेंस को फोन किया। 102 एंबुलेंस का चालक श्याम जी व ईएमटी रेखा देवी प्रसूता को लेने पहुंचे। चालक प्रसूता को लेकर जिला महिला अस्पताल आ रहा था। तभी रास्ते में प्रसव पीड़ा अधिक होने लगी। ईएमटी ने गाड़ी रुकवाई और पुरुषों को एंबुलेंस से बाहर निकालकर सुरक्षित प्रसव कराया। महिला ने बच्ची को जन्म दिया। जच्चा व बच्चा दोनों सुरक्षित हैं। 108 व 102 एंबुलेंस के जिला मैनेजर विराट श्रीवास्तव ने बताया कि ईएमटी ने सूझबूझ से काम लेकर सुरक्षित प्रसव कराया।