बीघापुर। बीघापुर-पाही रोड पर शनिवार रात न्यू राजू ऑटो पार्ट्स की दुकान के सामने खड़ी सात बाइकें में आग लग गई। इस घटना में सभी बाइकें जलकर खाक हो गईं। दुकान मालिक राजू विश्वकर्मा की तहरीर पर कठार निवासी राजकुमार यादव के खिलाफ आगजनी की प्राथमिकी दर्ज की गई है।
आग की लपटें उठने पर आसपास के लोगों को घटना का पता चला। बाइकों की टंकियों में पेट्रोल भरा होने से आग ने विकराल रूप ले लिया था। पड़ोसियों ने एकजुट होकर आग पर काबू पाया। राजू विश्वकर्मा ने पुलिस को बताया कि शनिवार रात आठ बजे दुकान बंद कर वह घर चले गए थे। रात करीब 9:30 बजे पड़ोसियों ने उन्हें आग लगने की सूचना दी। मौके पर पहुंचने पर देखा कि मरम्मत के लिए खड़ी सात गाड़ियां जल चुकी थीं।
पीड़ित राजू विश्वकर्मा ने आरोप लगाया कि राजकुमार यादव उनकी गाड़ी पहले ठीक न करने से खुन्नस मान रहे थे। कोतवाल अश्वनी कुमार मिश्रा ने बताया कि तहरीर के आधार पर राजकुमार के खिलाफ आगजनी की प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज में राजकुमार को कार से उतरकर दुकान की ओर जाते देखा गया है।