सफीपुर। सफीपुर-मियागंज मार्ग पर वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। घटना के समय वह ढाबा संचालक भाई को लेने बाइक से जा रहा था।
कोतवाली क्षेत्र के बृजपालपुर गांव निवासी विमलेश (42) की शादी के 12 साल बाद बच्ची हुई थी, उसका नाम विद्या रखा था। शुक्रवार को घर में अन्न प्राशन होना था। कार्यक्रम को लेकर परिवार में काफी उत्साह और खुशहाली थी। विमलेश ढाबा चलाने वाले छोटे भाई सर्वेश को लेने बाइक से सफीपुर जा रहे थे। सफीपुर-मियागंज मार्ग पर भैंसहरा गांव के नाले के पास वाहन की टक्कर से वह गंभीर घायल हो गए। राहगीरों ने सीएचसी पहुंचाया, वहां से जिला अस्पताल रेफर किया गया, उपचार के दौरान विमलेश की मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। कोतवाल श्याम नारायण सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।
मातम में बदलीं खुशियां
सफीपुर। जिस घर में बच्चे की किलकारी 12 साल बाद सुनाईं देने से खुशियों का माहौल था। अन्न प्राशन कार्यक्रम होने से मंगलगीत गाए जा रहे थे। रात के खाने की तैयारी चल रही थी। जैसे ही मौत की खबर पहुंची कोहराम मच गया। मंगल गीतों की जगह करुण क्रंदन सुनाई देने लगा। पत्नी विमला ने बताया कि पति हमेशा ईश्वर से बच्चे की कामना के साथ पुत्र ही मांगते थे। ईश्वर ने उनकी सुन भी ली, लेकिन जब उसके साथ खेलने और पूरी उम्र बिताने का अवसर मिलता, इससे पहले ही सारी खुशियां छिन गईं, अब वह बच्ची का पालन-पोषण कैसे करेगी।