औरास। लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर लोडर की टक्कर से सड़क पर गिरी महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें आनन-फानन सीएचसी पहुंचाया गया जहां प्राथमिक उपचार के दौरान मौत हो गई। जबकि हेलमेट लगाए होने से बाइक चला रहे बेटे को मामूली चोटें आईं।
आसीवन थाना क्षेत्र के गौरा कला गांव निवासी उपेंद्र दीक्षित लखनऊ के थाना पारा के गंगाखेड़ा में किराए पर रहकर सिक्योरिटी गार्ड का काम करते हैं। रविवार रात करीब आठ बजे उनकी पत्नी नीलम दीक्षित (48) बेटे हीरेंद्र दीक्षित के साथ लखनऊ गांव आ रही थीं। एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड औरास थाना के नेहरा बाबा मंदिर के पास पहुंचीं थीं तभी तेज रफ्तार लोडर बाइक में पीछे से टक्कर मारते हुए निकल गया। सिर के बल सड़क पर गिरीं नीलम गंभीर रूप से घायल हो गईं।
बेटे ने लोगों की मदद से औरास सीएचसी पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के दौरान मौत हो गई। बेटे हीरेंद्र ने बताया एक महीने पहले बाबा (मृतका के ससुर) की मौत हो गई थी। सोमवार को गंगा स्नान करना था। इसी लिए वह उन्हें लेकर गांव जा रहा था। कार्यवाहक थानाध्यक्ष इरशाद ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।