नवाबगंज(उन्नाव)। अजगैन-मोहान मार्ग पर तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आकर बाइक पर बैठी चाची-भतीजी की मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा युवक चुटहिल हो गया। हेलमेट लगा होने से बाइक चला रहे युवक को अधिक चोटें नहीं आईं।
अजगैन थाना छेड़ा गांव निवासी ननचा (60) पत्नी हरिराम लोधी अपने बेटे कौशल (25) के साथ बाइक से रिश्तेदारी में बिछिया ब्लॉक गई थी। बाइक में ननचा के साथ उसकी गांव की रिश्ते की भतीजी रामप्यारी (32) पत्नी हेमराज भी बैठी थी। सोमवार देर रात कौशल दोनों को बाइक से लेकर घर लौट रहा था। मोहान-अजगैन मार्ग पर अजगैन थाना से 200 मीटर दूर रेलवे क्रॉसिंग के पास मोहान की ओर जा रहे ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में ननचा व रामप्यारी की मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा मृतका ननचा का बेटा कौशल घायल हो गया। हेलमेट लगाए होेने की वजह से कौशल की जान बच गई।