बीघापुर। अचलगंज-पुरवा मार्ग पर भैंसई कोयल गांव के पास शुक्रवार रात 10 बजे डंपर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई, भतीजा घायल है। हादसे के बाद चालक डंपर लेकर भाग निकला।
दही थानाक्षेत्र के सागरखेड़ा गांव निवासी प्रमोद (40) दही औद्योगिक क्षेत्र स्थित फैक्टरी में श्रमिक था। शुक्रवार देर शाम भतीजे रोहित के साथ बीघापुर के भैंसई कोयल गांव निवासी रिश्तेदार वीरेंद्र के बेटे ऋषभ के मुंडन में शामिल होने गया था। रात करीब 10 बजे अचलगंज-पुरवा मार्ग पर भैंसई कोयल गांव के पास तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से दोनों घायल हो गए।
रिश्तेदारों ने सीएचसी पहुंचाया, जहां से जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल में प्रमोद की मौत हो गई। रोहित का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। पहले बड़े और अब छोटे बेटे की मौत से मां प्रभुदेवी के साथ पत्नी कौशल्या और पांच बच्चे बेहाल हैं। कोतवाल राजपाल ने बताया कि अज्ञात डंपर पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।