हसनगंज। मोहान-मलिहाबाद मार्ग पर धौरा गांव के पास बुधवार देर शाम तेज रफ्तार वाहन ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। हादसे में युवक की मौत हो गई। वह हेलमेट नहीं लगाए था।
कोतवाली क्षेत्र के मटरिया गांव निवासी उदयभान सिंह (40) बुधवार को काम से धौरा गांव गए थे। शाम 6:30 बजे बाइक से घर लौट रहे थे। मोहान-मलिहाबाद मार्ग पर धौरा गांव के पास मोहान की ओर से आ रहे तेज रफ्तार वाहन की टक्कर बाइक में लगने से वह सड़क पर गिरकर गंभीर घायल हो गए। सिर में चोट लगने से अधिक खून बह गया। राहगीरों की सूचना पर पुलिस ने उसे स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। बड़े भाई इंद्रपाल ने बताया कि वह दो भाईयों में छोटा था और चचेरे भाई शैलेष के साथ गांव में रहकर खेती देखता था।
कोतवाल शरद कुमार ने बताया कि वाहन की टक्कर से युवक की मौत हो गई है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है।