बिछिया। मां को लेकर ननिहाल जा रहे बेटे की बाइक में ट्रक ने सामने से टक्कर मार दी। इससे बेटे की मौत हो गई। जबकि मां गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना पर दरोगाखेड़ा चौकी प्रभारी व पीआरवी मौके पर पहुंची और मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए व घायल मां को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। युवक हेलमेट लगाए था।
सदर कोतवाली के डीएसएन कालेज रोड निवासी सगुन विमल (18) पुत्र पप्पू विमल अपनी मां सुमन के साथ बाइक से अपने ननिहाल असोहा के बैगांव जा रहा था। दहीचौकी-पुरवा मार्ग पर अचलगंज थानाक्षेत्र के दरोगाखेड़ा गांव के निकट उन्नाव की ओर जा रहे ट्रक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। जिससे सगुन व उसकी मां सुमन गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना पर दरोगाखेड़ा चौकी प्रभारी ओमकार यादव व पीआरवी मौके पर पहुंच कर घायलों को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने सगुन को मृत घोषित कर दिया। सगुन इंटर का छात्र था और तीन भाइयों में सबसे छोटा था। दरोगाखेड़ा चौकी पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक, क्लीनर को पकड़ लिया। ट्रक महराजगंज से चकरपुर मंडी प्याज लादने जा रहा था।