अचलगंज। मौरंग खरीदने बंथर चौराहा जा रहे बिल्डिंग मैटेरियल कारोबारी की बाइक मवेशी से टकरा गई। घायल कारोबारी को पहले जिला अस्पताल फिर कानपुर हैलट रेफर किया गया। परिजनाें ने नर्सिंगहोम में भर्ती कराया। यहां इलाज के दौरान मौत हो गई।
थाना क्षेत्र के जगजीवनपुर गांव निवासी कारोबारी अखिलेश कुमार यादव (35) रविवार सुबह दुकान में बिक्री के लिए मौरंग खरीदने बंथर चौराहा स्थित मौरंग मंडी जा रहे थे। आटा गांव के पास सड़क पार कर रहे सूअर से बाइक टकरा गई।
हेलमेट न लगा होने से सिर में गंभीर चोट आने से अखिलेश बेहोश हो गए। परिजनों ने पुलिस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया, यहां कानपुर रेफर कर दिया गया। हैलट न ले जाकर परिजनों ने कानपुर के नर्सिंगहोम में भर्ती कराया। यहां सोमवार शाम इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। अखिलेश की मौत से पत्नी बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। क्षेत्र में मौत की खबर से शोक की लहर दौड़ गई।