उन्नाव। ट्रांसपोर्टर के घर शुक्रवार रात डकैती की घटना में सुस्ती और अपराध नियंत्रण में फेल होने पर एसपी ने बांगरमऊ कोतवाल को निलंबित कर दिया है। उधर, लूट की रकम बरामद करने के दौरान सिपाही की पिस्टल छीनकर भागने के प्रयास में दो बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हुए हैं।
शुक्रवार रात बांगरमऊ कोतवाली के पंचूपुरवा गांव में सात बदमाशों ने ट्रांसपोर्टर प्रियांशु गुप्ता के घर में धावा बोला था। उनकी पत्नी, तीन बच्चों और पड़ोसी युवक को बंधक बनाकर 21.50 लाख के जेवर-नकदी लूट ली थी। डकैती की घटना में एसपी दीपक भूकर ने बांगरमऊ कोतवाली प्रभारी राजकुमार को निलंबित कर दिया है। घटना के बाद ग्रामीणों ने कोतवाली पुलिस को सूचना दी थी। इसके बाद घेराबंदी कर 15 से 20 लोगों की भीड़ ने दो बदमाशों को पकड़ लिया था। इसके करीब आधे घंटे बाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची थी। कोतवाली से करीब चार किलोमीटर की दूर घटना स्थल तक पहुंचने में देरी और कस्बे में गश्त न होने की वजह से तत्काल नाकाबंदी कर वाहन चेकिंग भी शुरू नहीं हो पाई थी। इसी का नतीजा रहा कि पांच बदमाश भाग निकले थे। इसे गंभीरता से लेते हुए एसपी ने कोतवाल के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की। एसपी ने बताया कि इस बड़ी घटना में कोतवाली प्रभारी की जिम्मेदारी सबसे बड़ी है।