उन्नाव। शहर के सिंगरोसी में आवास विकास परिषद नई कालोनी बनाने जा रहा है। यहां पर रिहायशी मकान के साथ बाजार और कांप्लेक्स का भी निर्माण कराया जाएगा। परिषद के अधिशासी अभियंता ने क्षेत्र में जाकर भूमि सर्वे का काम पूरा कर लिया है। अब जल्द ही अधिग्रहण के संबंध में परिषद कैंप लगाने की तैयारी में जुटा हुआ है।
उन्नाव-शुक्लागंज मार्ग पर मगरवारा के पास सिंगरोसी में नई आवास विकास कालोनी का निर्माण होने जा रहा है। करीब 600 एकड़ जमीन पर उत्तर प्रदेश आवास विकास परिषद का लखनऊ मंडल कार्यालय इस योजना को विकसित करेगा। इसमें आवासीय कालोनी के अलावा बाजार और कांप्लेक्स भी बनेंगे। यहां बिजली, पानी, सड़क, सीवरेज, जल निकासी सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं से लैस सेक्टर बाइस आवासीय कालोनी और व्यावसायिक क्षेत्र विकसित किए जाएंगे। परिषद के अधिशासी अभियंता डीके गुप्ता ने विभागीय इंजीनियर सूबेदार नाइक, योगेश कुमार व दीपक कुमार गुप्ता के साथ सिंगरोसी में जाकर अधिग्रहीत की जाने वाली भूमि का सर्वे किया। इस दौरान उन्होंने गांव के राकेश कुशवाहा, आलोक निगम व दिलीप मौर्य आदि से भी बात की। एक्सईएन ने ग्रामीणों को योजना का प्रस्तावित नक्शा भी दिखाया। अधिशासी अभियंता ने बताया कि योजना में जमीन देने के लिए 50 से 60 फीसदी किसान सहमति दे चुके हैं। भूमि का सर्वे हो चुका है। जल्द ही अधिग्रहण के लिए कैंप लगाए जाएंगे।
सर्किल रेट से दोगुना मिलेगी कीमत
किसानों से आवास योजना के लिए जो जमीन ली जाएगी उसके लिए उन्हें सर्किल रेट से दोगुना कीमत दी जाएगी। विभागीय अधिकारियों का दावा है कि इस पर काफी किसानों ने अपनी सहमति दे दी है। जल्द ही जमीन खरीदने की प्रक्रिया शुरु हो जाएगी। अगले दो से तीन माह में आवास विकास परिषद जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी करके आवासीय योजना विकसित करने का काम शुरू करेगा।