उन्नाव। बड़े भाई के निधन के बाद क्रियाकर्म करके दिल्ली लौट रहे युवक की ट्रेन से गिरकर मौत हो गई। हादसा सोनिक आउटर के पास बुधवार रात हुआ। 27 दिन के भीतर परिवार में दूसरी मौत से परिजन बेहाल हैं।
अयोध्या जिले के गोसाईगंज थाना क्षेत्र के मैनपुर गांव निवासी नीरज गौड़ (33) दिल्ली में मजदूरी करते थे। सात नवंबर को बड़े भाई सुनील की मौत के बाद अपने घर अयोध्या गए थे। तेरहवीं करने के बाद बुधवार को गोरखधाम एक्सप्रेस से दिल्ली लौट रहे थे। उन्नाव सोनिक आउटर के पास वह संदिग्ध हालात में ट्रेन से गिर गए और पहियों की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
आरपीएफ और जीआरपी ने शव ट्रैक से हटवाकर रेल यातायात बहाल कराया। जेब में मिले मोबाइल की मदद से जीआरपी ने परिजन से संपर्क कर सूचना दी। पत्नी रंजना ने बताया कि दो बेटे हैं एक का नाम दिव्यांश और दूसरे का रेहान है। पति मजदूरी करके परिवार का खर्च चलाते थे। बड़े भाई की मौत के बाद उन पर और ज्यादा जिम्मेदारी आ गई थी लेकिन काम पर दिल्ली जाते समय उनकी भी मौत हो गई। मां दयावती सहित पूरे परिवार का बुरा हाल है। जीआरपी एसओ सुनील मिश्रा ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। जांच की जा रही है।