सफीपुर (उन्नाव)। किराए के 50 रुपये न देने पर ऑटो रिक्शा चालक ने दंपती और किशोरी को पीटकर घायल कर दिया। परिजनों ने तीनों को मियागंज सीएचसी पहुंचाया। मां-बेटी की हालत गंभीर होने से जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
आसीवन थानाक्षेत्र के गांव सिर्स चेरी निवासी ओमप्रकाश राजपूत (35) पत्नी गोदेश्वरी गांव के ही पवन का ऑटो बुक कर सोमवार सुबह हरदोई के मल्लावां स्थित सुनासीरनाथ मंदिर के दर्शन करने गए थे। साथ में आठ साल का बेटा हिमांशु भी था। देर शाम दर्शन कर लौटने के बाद चालक को 150 रुपये दे दिए। चालक ने बच्चे के 50 रुपये और मांगे तो गोदेश्वरी ने बाद में देने की बात कही और उतरकर घर चली गई। रात करीब आठ बजे चालक फिर उनके घर पहुंचा और रुपये मांगने लगे। इससे महिला और चालक में कहासुनी हो गई। गुस्साए चालक ने महिला को डंडे से पीटा, बचाने आए पति और 14 वर्षीय बेटी मानसी को भी पीटा। तीनों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। डॉक्टर ने गोदेश्वरी और मानसी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। आसीवन थाना प्रभारी अजय कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है, रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।