उन्नाव। प्राथमिक विद्यालयों में तैनात द्वितीय बैच के शिक्षामित्रों की शनिवार को डायट में काउंसलिंग कराकर विद्यालयों का आवंटन भी कर दिया गया। महिला व विकलांग शिक्षामित्रों को मिलाकर 1350 शिक्षामित्रों को सहायक टीचर पद के लिए विद्यालय आवंटित किए गए।
शिक्षामित्रों के सहायक टीचर बनने के बाद उन्हें विद्यालय देने के लिए डायट में बीएसए ने आठ काउंटर बनाए थे। इसमें बीघापुर व सुमेरपुर ब्लॉक में बीईओ रंगनाथ चौधरी, गंजमुरादाबाद व बागंरमऊ में बीईओ उपेंद्र त्रिपाठी, फतेहपुर चौरासी व सफीपुर में बीईओ हरिश्चंद्र चक, नवाबगंज व सिकंदरपुर करन में बीईओ संजय राय, सिकंदरपुर सरोसी व बिछिया में बीईओ जयशंकर बाजपेई, हसनगंज व औरास में बीईओ अरविंद कुशवाहा, हिलौली व असोहा में नगर शिक्षाधिकारी सुरेशचंद्र वर्मा तथा पुरवा व मियागंज में बीईओ सुषमा सिंह विद्यालय आवंटन की सूची में शिक्षामित्रों से हस्ताक्षर करा रहीं थीं।
विद्यालयों की सूची बाहर चस्पा कर दी गई थी। शिक्षामित्र आकर अपना विद्यालय सूची में देख रहे थे और उस विकासखंड के काउंटर पर जाकर सूची में अंकित विद्यालय के सामने हस्ताक्षर कर रहे थे।
बीएसए डॉ. मुकेश कुमार सिंह मेन गेट पर बैठकर शिक्षामित्रों को अंदर भेज रहे थे ताकि किसी प्रकार की कोई गड़बड़ी न हो। काउंसलिंग के लिए सबसे पहले विकलांग शिक्षामित्रों को भेजा गया। उसके बाद महिलाओं ने जाकर विद्यालय लिए। काउंटरों की देखरेख की जिम्मेदारी बीईओ मुख्यालय राजेश सिंह कर रहे थे। सुबह आठ बजे शुरू हुई काउंसलिंग दोपहर 1.30 बजे तक चली।
बीएसए डॉ. मुकेश कुमार सिंह ने बताया कि नियुक्ति पत्र तैयार कराए जा रहे हैं जल्द ही बीआरसी से उपलबध करा दिए जाएंगे।