प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के तहत पाइप आवंटन में हुई गड़बड़ी पर सहायक उद्यान निरीक्षक को निलंबित कर दिया गया है। मामले में कार्रवाई उपनिदेशक उद्यान की जांच में उद्यान निरीक्षक के दोषी पाए जाने के बाद की गई।
उद्यान विभाग द्वारा संचालित प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना में ब्लॉक सिकंदरपुर सरोसी के मोमिनपुर, परियर, भदेवना में 33 किसानों को शामिल किया गया। किसानों का आरोप है कि एक ठेकेदार ने फार्म भरवाए और फिर रायबरेली की फर्म ने पाइप भिजवाए, लेकिन किसानों को न देकर गांव के बाहर उतरवा दिए। ब्लॉक अधिकारी की सत्यापन रिपोर्ट लगने के बाद फर्म ने पाइप वापस उठवा लिए।
मोमिनपुर के पूर्व प्रधान के प्रतिनिधि अनिल त्रिवेदी ने ब्लॉक के सहायक उद्यान निरीक्षक राहुल शुक्ला से शिकायत की। निरीक्षक के ध्यान न देने पर उच्चाधिकारियों को जानकारी दी। उपनिदेशक उद्यान लखनऊ मंडल वीरेंद्र यादव ने गांव पहुंचकर 31 किसानों के बयान लिए। उधर, जांच शुरू होते ही फर्म ने रविवार को गांव में पाइप भिजवा दिए।
उपनिदेशक ने अपनी रिपोर्ट में सहायक उद्यान निरीक्षक को पर्यवेक्षण और समय से कार्रवाई न करने का दोषी पाया। रिपोर्ट पर निदेशक उद्यान आरके तोमर ने निरीक्षक राहुल शुक्ला को निलंबित कर दिया। साथ ही पूरे मामले की जांच प्रयागराज के मुख्य उद्यान विशेषज्ञ को सौंपी है।