उन्नाव। सर्वर न आने से एआरटीओ कार्यालय में दूसरे दिन भी अफरातफरी का माहौल रहा। सर्वर कुछ देर के लिए आया भी तो केबिन के अंदर बैठे बाबू, दलालों का काम करने लगे। इस दौरान बाहर लाइन लगाए खड़े आवेदकों ने हंगामा काटा।
लगातार दूसरे दिन भी एआरटीओ कार्यालय में सर्वर धड़ाम रहा। इसके चलते लाइसेंस फीस काटने वाले काउंटर पर आवेदकों की भारी भीड़ रही। काफी देर तक रसीद न कटने पर काउंटर पर खड़े लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। काफी देर बाद जब सर्वर आया तो अंदर बैठे कर्मचारी पीछे के गेट पर खड़े दलालों व अपनों की रसीदें पहले काटने लगे। काफी देर तक यही स्थिति चलती रही।
बाहर काउंटर पर बिना सोर्स वाले लाइन लगाने को मजबूर हुए जबकि दलाल व पहुंच वाले लोग अंदर से आराम से अपना काम कराते रहे। वैसे एआरटीओ कार्यालय में अधिकारियों की स्थिति यह है कि एआरटीओ प्रवर्तन तो अपनी सीट पर ही नहीं मिलते वहीं एआरटीओ प्रशासन केबिन के बाहर ही नहीं निकलतीं। इसका फायदा दलाल और वहां पर कार्यरत बाबू उठाते हैं।
इसका ही परिणाम है कि आम आदमी का एआरटीओ में कोई काम नहीं हो पाता है जबकि पहुंच और दलालों से काम कराने वालों को प्राथमिकता दी जाती है। आरटीओ लखनऊ सगीर अहमद का कहना है कि आम लोगों का काम नहीं होना गलत है। जो भी आम लोग आते हैं उनका काम पहले किया जाना चाहिए। यदि ऐसा नहीं हो रहा है तो वह खुद चेकिंग करेंगे।