उन्नाव। शहर कोतवाली के मोहल्ला आदर्श नगर में रहने वाले फौजी ने जिला अस्पताल में डॉक्टरों और स्टाफ से अभद्रता की। बवाल बढ़ने पर उसने पिस्टल निकाल ली। सूचना पर पहुंची पुलिस उसे कोतवाली ले आई। बाद में जिला अस्पताल के स्टाफ नर्स के प्रार्थना पत्र पर धक्कामुक्की करने व धमकाने तथा चौकी इंचार्ज के प्रार्थना पत्र पर आर्म्स एक्ट का मुकदमा दर्ज किया गया है।
आदर्श नगर मोहल्ले में रहने वाले दिनेश साहू की तैनाती पठानकोट में है। लखनऊ में दिनेश की इस समय ट्रेनिंग चल रही है। इस कारण वह घर आया हुआ है। रविवार को वह रामेश्वर के साथ जिला अस्पताल पहुंचा। जिला अस्पताल के वार्ड नंबर दो के बेड नंबर 17 पर रामेश्वर की रिश्तेदार माया (20) पुत्री गंगापाल भर्ती हैं।
वहीं किसी बात को लेकर उसका स्टाफ से झगड़ा हो गया। झगड़ा इतना बढ़ा कि उसने पिस्टल निकाल ली। वहां मौजूद लोगों ने सूचना पुलिस को दी। मौके पर चौकी इंचार्ज इंदू यादव पहुंची और उसे कोतवाली ले आईं। बाद में स्टाफ नर्स राजकिशोर व चौकी इंचार्ज इंदू यादव के प्रार्थना पत्र कोतवाली प्रभारी ने मुकदमा दर्ज किया।