उन्नाव। मियागंज विकासखंड के सरौंहा में युग भारती संस्था व अमर उजाला फाउंडेशन ने स्वास्थ्य मेला का आयोजन किया। स्वास्थ्य मेला में मरीजों को निशुल्क जांच के साथ विशेषज्ञ चिकित्सकों की सलाह व दवाएं उपलब्ध कराई गईं। वायरल बुखार, हाई ब्लड प्रेशर, डायबिटीज व नेत्र रोग से पीड़ित मरीजों को जांच के बाद दवाएं दी गईं। सरौंहा व उसके आसपास के गांव के 370 मरीजों ने अपना पंजीकरण कराया। नेत्र रोग से पीड़ित 45 लोगों को संस्था की ओर से निशुल्क ऑपरेशन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
युग भारती संस्था के अध्यक्ष डॉ. प्रवीण सारस्वत ने बताया कि संस्था पिछले कई वर्षों से स्वास्थ्य मेले का आयोजन कर रही है। रविवार को सरौंहा स्थित आंवला बाग में सुबह 10 बजे से मेले की शुरुआत हुई। महिला रोग विशेषज्ञ ़डॉ. अमृता शाह, डॉ. शिखा, मनोरोग विशेषज्ञ डॉ. गणेश शंकर, डॉ. नरेंद्र अग्रवाल, न्यूरो सर्जन डॉ. अमित गुप्ता, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. ज्योति कुमार, नेत्र सर्जन डॉ. मलय, डॉ. सौरभ, डॉ. अभिषेक, हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. उमेश्वर ने मरीजों की जांच की। जिसमें 70 लोगों को डायबिटीज से पीड़ित पाया गया। संस्था ने डायबिटीज व खून की सामान्य जांच की सुविधा निशुल्क उपलब्ध कराई थी।
चिकित्सकों ने डायबिटीज से पीड़ित पाए गए लोगों को जीवनशैली में बदलाव की सलाह दी गई। मेला में 45 लोगों को मोतियाबिंद से पीड़ित पाया गया। नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. मलय चतुर्वेदी ने बताया कि इन मरीजों का ऑपरेशन एक सप्ताह बाद कानपुर में किया जाएगा। स्वास्थ्य मेला में युग भारती संस्था की ओर से डॉ. मोहन कृष्णा, अभय गुप्ता, प्रवीन अग्रवाल, प्रदीप बाजपेयी व नवीन भार्गव मौजूद रहे।