बिछिया विकासखंड के तारगांव में कम अन्न मिलने की शिकायत पर जांच करने पहुंचे तहसीलदार सदर को जानका?
- फोटो : UNNAO
बिछिया(उन्नाव)। सदर तहसील के गांव तारगांव में कम खाद्यान्न मिलने पर अंत्योदय कार्डधारकों ने हंगामा शुरू कर दिया। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि ने मामले की जानकारी डीएम को दी। डीएम के निर्देश पर तहसीलदार सदर व पूर्ति निरीक्षक मौके पर पहुंची और जांच की। वहीं, पुलिस लगाकर कार्डधारकों को पूरा खाद्यान्न वितरण कराया।
तारगांव में नफ ीस अहमद के पास कोटा है। लॉकडाउन में शासन के निर्देश पर अंत्योदय कार्डधारकों को नि:शुल्क 35 किलो अन्न दिया जाना है। गुरुवार को तीन सैकड़ा अंत्योदय कार्डधारक दुकान पर अन्न लेने पहुंचे। पहले दुकान 10 बजे तक नहीं खुली। जिससे कार्डधारकों की लंबी कतारें लग गईं। कुछ देर बाद पहुंचे कोटेदार ने खाद्यान्न वितरण शुरू कराया। इस दौरान अंत्योदय कार्डधारक शांती, रितुराज, शीला, रमाकांती, बजरंगी, बिट्टी, मुन्नीलाल, प्यारे व पंकज सहित अन्य ने कोटेदार पर 35 किलो के स्थान पर मात्र 20 किलो अन्न देने का आरोप लगाते हुए हंगामा करना शुरू कर दिया। आरोप लगाया कि जब घटतौली का विरोध किया तो कोटेदार ने अभद्रता की। कुछ कार्डधारकों ने इसकी जानकारी ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सोमानी सिंह को दी। सोमानी सिंह ने मामले की सूचना डीएम को दी। इसके बाद तहसीलदार सदर ओपी शुक्ला, पूर्ति निरीक्षक नेहा गुप्ता सहित दरोगाखेड़ा पुलिस प्रभारी लोकनाथ गुप्ता मौके पर पहुंचे और हंगामा कर रहे कार्डधारकों से बात की। बाद में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि की मौजूदगी में कार्डधारकों को पूरा अन्न दिलाया गया। तब हंगामा शांत हो पाया। ग्रामीणों ने बताया कि कोटेदार नफ ीस दो वर्ष पहले अन्न की कालाबाजारी में जेल जा चुका है।
गंजमुरादाबाद क्षेत्र के ग्राम फ तेहपुर खालसा में भी कोटेदार कार्डधारकों को पूरा अन्न नहीं दे रहा है। गांव निवासी सुरेश कुमार, रघुवीर, प्रदीप कुमार, मूलचंद्र, मुन्नालाल, ब्रज रानी, राम कुमारी, आरिफ अली, आलोक कुमार और राधा ने जिला पूर्ति अधिकारी को भेजे गए शिकायतीपत्र में बताया कि गेहूं और चावल निर्धारित मात्रा से पांच किग्रा कम तौला जा रहा है। यही नहीं मूल्य भी अधिक लिया जा रहा है। जब कोई उपभोक्ता जानकारी करता है तो वह झगड़ा करता है। क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी सुधाकर सिंह ने बताया कि जहां कम अन्न देने और फ्री के पैसे लेने की शिकायतें मिल रही हैं उनकी जांच कराई जाएगी। बताया कि उनके पास कुछ लोगों ने यूनिट कटने की शिकायतें दर्ज कराई हैं। जिस पर उन लोगों से कटे यूनिटों के आधारकार्ड लिए जा रहे हैं।