औद्योगिक क्षेत्र बंथर स्थित जेएस इंटरनेशनल में छंटनी और यूनिट बदले जाने से आक्रोशित मजदूरों की शुक्रवार को दूसरे दिन भी हड़ताल जारी रही। अपनी मांगों पर अड़े कर्मचारियों ने समस्याओं का निदान न होने पर प्रबंधतंत्र के खिलाफ नारेबाजी करते हुए हंगामा किया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे कर्मियों को सोमवार तक फैक्ट्री मालिक के आने तक शांत रहने व निर्णय का इंतजार करने को कहा है।
कानपुर-लखनऊ राजमार्ग पर गहरा स्थित यूपीएसआईडीसी में संचालित मांस निर्यातक कंपनी के 200 मजदूर दो दिनों से हड़ताल पर हैं। मजदूर हारून, चंद्रिका, श्रीराम ने बताया कि प्रबंधतंत्र ने उनके साथ 15 दिन की बैठक करने का आदेश दिया है। इसका हम लोगों ने विरोध किया।
कहा कि इस ठंड के मौसम में रोजी रोजगार के लिए वह लोग कहां जाएंगे। इस पर कंपनी ने बैठकी तो रोक दी, लेकिन हमारी मांगों का समर्थन करने वाले कुछ साथियों का दूसरी यूनिट में तबादला कर दिया।
मजदूरों ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ अधिकारी कर्मचारियों से अभद्रता करतेहै।
इस संबंध में प्रबंधक अजय श्रीवास्तव ने कहा कि मौजूद समय में कंपनी मंदी के दौर से गुजर रही है। माल की कोई मांग न होने से कंपनी बंदी की कगार पर है। इसके बावजूद कर्मचारियों को नौकरी से निकाला नहीं जा रहा है बल्कि उनका तबादला किया गया है। इससे ही यह लोग नाराज हैं।
सोमवार को मालिक आएंगे, इसके बाद ही आगे का फैसला होगा। कर्मचारियों के हंगामे की सूचना पर अचलगंज थानाध्यक्ष अरुण कुमार सिंह समेत गंगाघाट और पुलिस लाइन से भारी पुलिस बल पहुंचा और कर्मचारियों की बातें सुनी।