जिला विद्यालय निरीक्षक की ओर से आरएसएस इंटर कालेज के कार्यवाहक प्रिंसिपल के खिलाफ की गई वेतन रोकने की कार्रवाई से नाराज माध्यमिक शिक्षक संघ पदाधिकारी बुधवार को धरने पर बैठ गए। डीआईओएस कार्यालय के बाहर धरने पर बैठे पदाधिकारियों ने डीआईओएस की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए। चेतावनी दी कि जब तक उनकी पांच मांगे पूरी नहीं होंगी धरना जारी रहेगा।
माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष उमाशंकर तिवारी के नेतृत्व में संगठन पदाधिकारी बुधवार दोपहर डीआईओएस राकेश कुमार से मिलने पहुंचे। वह राजा शंकर सहाय इंटर कालेज के कार्यवाहक प्रधानाचार्य केएस तिवारी के खिलाफ की गई कार्रवाई वापस लेने की मांग की। पदाधिकारियों ने वेतनमान, वेतन वृद्धि समेत पांच अन्य मुद्दे भी रखे। डीआईओएस ने जब तवज्जो नहीं दी तो पदाधिकारी नारेबाजी करते हुए उनके कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए।
जिलाध्यक्ष ने बताया जब तक मांगें पूरी नहीं होंगी तब तक धरना प्रदर्शन जारी रहेगा। प्रदर्शन में प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य कौशल किशोर मिश्र, हनुमंत सिंह, रमेश चंद्र निर्मल, योगेंद्र कुमार निर्मल, देवेंद्र सिंह, सुनील शर्मा शामिल रहे।