विहिप और बजरंग दल के नेताओं से बात करती सिटी मजिस्ट्रेट। संवाद
- फोटो : UNNAO
उन्नाव। जेहादी कट्टरता और हिंसा की बढ़ती घटनाओं के विरोध में विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने पन्नालाल पार्क में धरना देकर प्रदर्शन किया। इसमें कहा कि प्रदेश में जुमा की नमाज के बाद सड़कों पर उन्माद करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए। प्रदर्शन की खबर लगते ही प्रशासनिक अमला हरकत में आ गया। मौके पर पुलिस बल के साथ सिटी मजिस्ट्रेट और सीओ नगर ने बातचीत की। इसके बाद राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन दिया।
विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को शहर के पन्नालाल पार्क में इस्लामिक जेहादी कट्टरता के खिलाफ धरना देकर प्रदर्शन किया। कहा कि हिंदू समाज की शोभायात्रा पर पत्थरबाजी की जा रही है। बंगाल, केरल की सरकार जेहादियों के साथ खड़ी है। हिंदू देवी-देवताओं के खिलाफ लगातार टिप्पणी की जा रही है, जो भावनाओं को आहत कर रही है। बजरंग दल जिला संयोजक आलोक राजपूत ने कहा कि दंगाइयों पर रासुका लगाया जाए।
पन्नालाल पार्क पर हिंदू संगठनों की भीड़ पर सिटी मजिस्ट्रेट विजेता ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि केवल पांच लोगों को ही अनुमति थी, बड़ी संख में लोग आए। इस पर किसी तरह मामला शांत हो सका। बाद में सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन दिया गया। बजरंग दल के नेताओं ने प्रशासन के ढीले रवैया पर रोष जताया। सिटी मजिस्ट्रेट विजेता और सीओ आशुतोष ने कहा कि पुलिस अपना काम कर रही है। जिले में शांति है और उसे बनाए रखने में सहयोग करें।