उन्नाव। अब जिले में मरीजों को 20 मिनट के बजाए 17 मिनट में एंबुलेंस मिल सकेगी। ऐसा इसलिए है कि 108 एंबुलेंस सेवा के तहत जिले को 11 नई एंबुलेंस शासन की ओर से उपलब्ध कराई गई है। मौजूदा समय में 108 सेवा की अब 37 एंबुलेंस हो गई हैं। सेवा प्रदाता कंपनी का दावा है कि वह रिस्पांस टाइम को जल्द ही 15 मिनट तक पहुंचा देंगे।
कुछ मामलों में देखा गया है कि एंबुलेंस समय से मरीजों तक नहीं पहुंच पाती। ऐसे मामलों को गंभीरता से लेते हुए शासन ने एंबुलेंस की संख्या बढ़ाने का निर्णय लिया, जिससे समय से मरीजों तक एंबुलेंस को पहुंचाया जा सके। शासन ने जिले को 108 एंबुलेंस सेवा की 11 नई एंबुलेंस दी हैं। एंबुलेंस की संख्या बढ़ने से अब वह कम समय में मरीजों तक पहुंच सकेंगी। एंबुलेंस सेवा प्रदाता कंपनी के मैनेजर मनीष सरीन ने बताया कि अभी तक एक मरीज तक पहुंचने का औसत समय 20 मिनट था। एंबुलेंस की संख्या बढ़ने के बाद अब यह घटकर 17 मिनट तक पहुंचेगी। उनकी कोशिश है कि इस समय को घटाकर 15 मिनट लाया जाए। उन्होंने बताया कि कुछ पुरानी एंबुलेंस को हटाया भी जाएगा। उनके स्थान पर नई एंबुलेंस आएंगी।
मालूम हो कि जिले में 108 व 102 एंबुलेंस सेवा के लिए मरीजों की कॉल अधिक संख्या में कॉल सेंटर तक पहुंचती हैं। इसी वजह से जिले को 11 एंबुलेंस मिली हैं। शासन स्तर पर जब एंबुलेंस की संख्या बढ़ाने का निर्णय लिया गया था तब उन जिलों को प्राथमिकता देने का निर्णय लिया गया था जहां से मरीजों की कॉल अधिक आती हैं। जिले में प्रतिदिन 300 से अधिक कॉल आती हैं।