उन्नाव। कांशीराम कालोनी में डेढ़ महीने पहले फंदे पर लटके मिले युवक के शव को सोमवार को कब्रिस्तान से निकलवाया जाएगा। इसके बाद शव का दोबारा पोस्टमार्टम होगा। परिजन ने मुख्यमंत्री से बेटे के साथ मारपीट व हत्या करने की शिकायत की थी। हालांकि पहले हुए पोस्टमार्टम में हैंगिंग के अलावा अन्य कोई चोट की पुष्टि नहीं हुई थी। मुख्यमंत्री से शिकायत के बाद डीएम के आदेश पर सुबह आठ बजे शव पुलिस की मौजूदगी में कब्रिस्तान से निकलवाया जाएगा।
सदर कोतवाली के कांशीराम कालोनी निवासी दिनेश गौतम (32) पुत्र स्व. कल्लू का शव 30 नवंबर 2025 को घर के अंदर कमरे में रस्सी के फंदे से लटका मिला था। दिनेश की मां फूलकुमारी ने आरोप लगाया था कि बेटा मजदूरी करता था और लोगों से अपना पैसा मांगने गया था। उन लोगों ने बेटे को घर के अंदर बंद कर पीटा था। बेटे के चिल्लाने पर पड़ोसियों के आ जाने पर वह वहां से निकल पाया था। पीड़िता के अनुसार उसी दिन हैबतपुर में भांजी की शादी हाेने सभी परिजन गए थे। दिनेश घर पर अकेला था। आरोप है कि रात में आरोपी दोबारा घर पहुंचे थे और बेटे को पीटने के बाद उसकी हत्या कर चले गए थे। पड़ोसियों की सूचना पर जब घर आए तो रोशनदान की जाली टूटी हुई थी।
बेटे के शरीर पर चोट के निशान भी थे। पुलिस ने जांच कर पोस्टमार्टम कराया था तो उसमें सिर्फ हैंगिंग आई थी। चोटें नहीं मिली थीं। पुलिस से जब प्राथमिकी दर्ज करने के लिए कहा तो सुनवाई नहीं हुई। एसपी, एएसपी और सीओ से शिकायत की लेकिन कुछ नहीं हुआ। सीएम तक मामला पहुंचने के बाद अब डीएम गौरांग राठी ने दोबारा पोस्टमार्टम का आदेश दिए हैं। कोतवाल चंद्रकांत मिश्र ने बताया कि शव शेखपुर नहर के ईदगाह रेलवे लाइन के पास बने कब्रिस्तान से सोमवार सुबह आठ बजे शव निकलवाया जाएगा।