उन्नाव। गांव की महिला से नजदीकी में मजदूर की हत्या कर हत्यारों ने शव और बाइक को दही चौकी औद्योगिक क्षेत्र स्थित लोनी ड्रेन में फेंक दिया। लापता होने के 12वें दिन लोगों ने ड्रेन में शव व बाइक देखी तो सनसनी फैल गई। बाइक नंबर के आधार पर पुलिस ने मृतक की पहचान की। मृतक के भाई ने गांव की महिला व उसके पति समेत 6 नामजद व कई अन्य अज्ञात पर हत्या व शव छिपाने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस के अनुसार हत्यारोपी दंपति ने रस्सी से गला दबाकर व चाकू से कई वार कर हत्या कर दी और शव व उसकी बाइक लोनी ड्रेन में फेंक दी थी।
सदर कोतवाली क्षेत्र के हिंदूखेड़ा गांव निवासी अविवाहित रवींद्र पाल (22) पुत्र रामअवतार मुंबई में रहकर प्राइवेट वाहन चलाता था। लॉकडाउन में वह मार्च में घर लौट आया था। वह यहीं काम की तलाश कर रहा था। 17 अगस्त को वह काम की तलाश में जाने की बात कहकर बाइक लेकर घर से निकला और इसके बाद वापस नहीं लौटा। काफी तलाश के बाद भी पता न चलने पर बड़े भाई मुनेश्वर ने सदर कोतवाली में तहरीर दी थी। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू की। 28 अगस्त शुक्रवार सुबह सदर कोतवाली क्षेत्र के दही चौकी औद्योगिक क्षेत्र में चांदपुर गांव के पास से निकली लोनी ड्रेन में युवक का शव पड़ा होने की सूचना पर पुलिस पहुंची। शव से करीब 100 मीटर पहले ड्रेन में ही एक बाइक भी मिली। पुलिस ने बाइक नंबर के आधार पर पुलिस ने परिजनों को सूचना दी और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मृतक रवींद्र का बड़ा भाई मुनेश्वर पोस्टमार्टम हाउस पहुंचा और शव की पहचान की। मुनेश्वर ने पुलिस को बताया कि छोटे भाई रवींद्र की गांव की महिला से नजदीकी थी। महिला अपने पति के साथ इस समय शहर के मोहल्ला शिवनगर में रह रही है। उसका पति ऑटो चालक है। मृतक के भाई ने महिला पूजा पाल उसके पति धर्मराज, विश्वनाथ पाल, मनोज पाल, पिंटू पाल पर नामजद व अन्य अज्ञात पर हत्या का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने पूजा व उसके पति धर्मराज पूछताछ शुरू की।
पुलिस सूत्रों के अनुसार पूछताछ में आरोपी दंपति ने अपना गुनाह स्वीकार कर लिया है। हत्यारोपी धर्मराज ने पुलिस को बताया कि 17 अगस्त की रात रवींद्र उसकी पत्नी से मिलने घर आया था। उसने पत्नी के साथ मिलकर रस्सी से गला दबाकर फिर चाकू से गोदकर उसकी हत्या कर दी। रात के अंधेरे में ही शव और बाइक को लोनी ड्रेन में फेंक दिया था। हत्या की इस घटना में और कितने लोग शामिल रहे हैं, पुलिस यह जानने के लिए पूछताछ कर रही है। सदर कोतवाल दिनेश चंद्र मिश्र ने बताया कि पुलिस हत्या के खुलासे के बिल्कुल करीब है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गले व सीने में धारदार हथियार के गहरे निशान हैं। डॉक्टरों के अनुसार मुंह और श्वास नली में कीचड़ भी मिला है।
महिला से हुआ था विवाद
मृतक रवींद्र पाल के भाई ने पुलिस को बताया कि उसके भाई और पूजा पाल से फोन पर खूब बातचीत होती थी। पूजा के घर भी उसका आना-जाना था। 12 अगस्त को पूजा पाल व उसके भाई के बीच विवाद हुआ था। इसी के बाद उसने पति व अन्य की मदद से भाई की हत्या की योजना बनाई और सही समय देखकर उसकी हत्या कर दी।