अगले वित्तीय वर्ष से बैंक खातों को आधारकार्ड से लिंक नहीं कराने पर पेंशनधारकों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। प्रदेश सरकार ने सभी प्रकार की पेंशनों के लिए आधारकार्ड अनिवार्य कर दिया है। पेंशनार्थियों को अपने बैंक नंबरों को आधारकार्ड से लिंक कराना होगा। बैंक खातों को आधारकार्ड से लिंक नहीं कराने पर पेंशनधारकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा।
शासन ने बैंक खातों को आधार नंबर से जोड़ने के कड़े आदेश दिए हैं। इन आदेशों के तहत सभी पेंशनधारकों (विधवा, वृद्धावस्था, विकलांग व समाजवादी पेंशन) को अपने बैंक खाते को आधारकार्ड से लिंक कराना अनिवार्य कर दिया है।
जिला समाज कल्याण कार्यालय के सूत्रों के मुताबिक, पेंशनधारकों के बैंक खातों को आधारकार्ड से लिंक कराने की अंतिम तिथि 31 मार्च निर्धारित की है।
यदि इस समयावधि में बैंक खातों को आधारकार्ड से लिंक नहीं कराया तो अगले वित्तीय वर्ष यानि अप्रैल 2015 से लाभार्थियों को पेंशन से हाथ धोना पड़ सकता है। जिला समाज कल्याण अधिकारी राजा सिंह ने इसकी पुष्टि की है।
उन्होंने बताया कि शासन से ऐसे आदेश आए हैं कि सभी पेंशनार्थियों के बैंक खातों को आधारकार्ड से लिंक कराएं। यदि ऐसा नहीं हुआ तो भविष्य में बिना आधारकार्ड लिंक वाले खातों में पेंशन की धनराशि रोकी जा सकती है।
समाज कल्याण अधिकारी ने सभी पेंशनार्थियों से अपील की है कि जहां भी कैंप लग रहे हो वहां पर जाकर अपना आधारकार्ड बनवा लें। जिनके आधारकार्ड बन गए हो वह अपने बैंक खातों को आधारकार्ड से लिंक करा लें।
जिले में सभी प्रकार के पेंशनार्थियों की कुल संख्या लगभग 2 लाख है। सूत्रों की मानें तो कुल लाभार्थियों में लगभग 40 से 50 प्रतिशत ऐसे हैं जिनके अभी तक आधारकार्ड ही नहीं बने हैं। ऐसे में उनके बैंक खाते को आधारकार्ड से लिंक नहीं कराया जा सकेगा। जानकारों के मुताबिक, 31 मार्च की निर्धारित समयसीमा से पेंशनार्थियों की दिक्कतें और भी बढ़ सकती हैं।
प्रदेश सरकार ने सभी प्रकार के छात्रवृत्ति/शुल्क प्रतिपूर्ति खातों में भी आधारकार्ड का लिंकअप अनिवार्य कर दिया है। ऐसे आवेदक जिनके पास आधारकार्ड नहीं है तो उन्हें अगले वित्तीय वर्ष से दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। अधिकारियों के मुताबिक, सभी छात्र-छात्राएं अपना आधारकार्ड बनवा लें। कार्ड बनने के बाद अपने बैंक खातों को उससे लिंक करा दें।