तहसीलदार का वेतन रोका, लेखपाल पर कार्रवाई होगी
सब-
भूमि पैमाइश की अर्जी पर सुनवाई न करने और फर्जी रिपोर्ट देने पर डीएम नाराज
संवाद न्यूज एजेंसी
उन्नाव। भूमि पैमाइश के प्रार्थनापत्र पर सुनवाई न करने के मामले में तहसीलदार सदर का वेतन रोक दिया गया है। इसी मामले में फर्जी रिपोर्ट देने में लेखपाल पर विभागीय कार्रवाई के आदेश जारी किए गए हैं।
सदर तहसील के गांव पड़रीखुर्द निवासी राजेंद्र प्रसाद ने मंगलवार को कलक्ट्रेट पहुंचकर डीएम को शिकायतीपत्र दिया। बताया कि 27 नवंबर को थाना समाधान दिवस में भूमि की पैमाइश कराने का प्रार्थनापत्र दिया था लेकिन आज तक उस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। डीएम रवींद्र कुमार ने बताया कि थाना समाधान दिवस में आए प्रार्थनापत्र में लेखपाल को फोन पर मामले की आख्या तहसीलदार सदर के हस्ताक्षर से उपलब्ध कराने के आदेश दिए थे। इसमें लेखपाल प्रेमशंकर ने फोन पर संबंधित भूमि का वाद चकबंदी न्यायालय में विचाराधीन बताया था। इसके चलते प्रार्थनापत्र पर कोई कार्रवाई न हो पाना बताया था। भेजी गई लिखित रिपोर्ट में कहीं किसी न्यायालय से स्थगन आदेश पारित किए जाने की जानकारी नहीं दी। फर्जी रिपोर्टिंग को लेकर लेखपाल पर विभागीय कार्रवाई करने के आदेश दिए गए हैं। तहसीलदार सदर का वेतन रोकने और इस संबंध में तीन दिन में स्पष्टीकरण देने को कहा गया है।