इंट्री को दिखाते वर्तमान बार अध्यक्ष सतीश शुक्ल।
- फोटो : अमर उजाला
उन्नाव। नोटबंदी के बीच पूर्व बार अध्यक्ष बिना कुछ किए करोड़पति बन गए। करोड़पति बनने का खुलासा शुक्रवार को पासबुक अपडेट कराने पर हुआ। पासबुक में 21 करोड़ 12 लाख से अधिक की धनराशि जमा देखकर होश उड़ गए। पूर्व अध्यक्ष आनन-फानन कचहरी पहुंचे और मामले की जानकारी बार अध्यक्ष को दी। बार अध्यक्ष ने पुलिस के उच्चाधिकारियों को मामले से अवगत करा शिकायत दर्ज कराई। जबकि यूनियन बैंक मैनेजर ने इससे इंकार किया।
शहर के पुराने रामलीला मैदान निवासी पूर्व बार एसोसिएशन अध्यक्ष कमलाशंकर अवस्थी का चौधरी मार्केट स्थित यूनियन बैंक में बचत खाता है। शुक्रवार की दोपहर पूर्व बार अध्यक्ष ने एक परिवारीजन को पासबुक अपडेट कराने को बैंक भेजा। पासबुक प्रिंट होने के बाद युवक पासबुक लेकर लौट गया। पूर्व बार अध्यक्ष ने पासबुक देखी तो उसमें 23 दिसंबर को 21 करोड़ 12 लाख 6 हजार 266 रुपये क्रेडिट होने पर नजर पड़ी तो वह अवाक रह गए।
बेटों को बुला जानकारी दी तो हर कोई सन्न रह गया। 23 दिसंबर को क्रेडिट होने के साथ पूरी धनराशि 2 जनवरी को विड्राल भी हो गई। कमलाशंकर अवस्थी आनन-फानन कचहरी पहुंच बार अध्यक्ष सतीश शुक्ल से मिले। वकीलों में जानकारी हुई तो कुछ ही देर में बार अध्यक्ष के केबिन में वकीलों की भीड़ लग गई। वकील करोड़ों की धनराशि कैसे क्रेडिट हुई और कैसे विड्राल हो गई, इसका सच जानने को बेताब हो गए। बार अध्यक्ष ने एसपी नेहा पांडेय को फोन कर मामले से अवगत कराया। पूर्व बार अध्यक्ष ने वकीलों के प्रतिनिधिमंडल के साथ शनिवार को बैंक मैनेजर के साथ ही एसपी से मिल बैंक प्रबंधन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की बात कही। शाखा प्रबंधक अमित दुबे ने ऐसी किसी भी जानकारी से इंकार किया।