चकलवंशी। ट्रैक्टर को ओवरटेक करते समय मिनी बस का पहिया टेलीफोन लाइन डालने के लिए सड़क किनारे खोदी गई नाली में चले जाने से पलट गई। हादसे में बस में सवार पैंतीस यात्री घायल हो गए। जिनमें दंपति समेत आठ को स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
सफीपुर कोतवाली क्षेत्र में परियर-चकलवंशी मार्ग पर उन्नाव जा रही मिनी बस खोखापुर गांव के सामने एक ट्रैक्टर को ओवरटेक करने के प्रयास में अनियंत्रित हो गई। बस का पहिया टेलीफोन लाइन डालने के लिए सड़क किनारे खोदी गई नाली में चले जाने से बस पलट गई। हादसे के समय बस में पैंतीस से ज्यादा यात्री सवार थे।
बस पलटते ही यात्रियों में चीखपुकार मच गई। शोर सुनकर राहगीर और आसपास गांव के लोग पहुंच गए। लोगों ने बस के शीशे तोड़कर फंसे यात्रियों को बाहर निकाला।
पुलिस ने गंभीर रूप से घायल हुए लोगों में बम्हना गांव निवासी गुलाबा, गजाखेड़ा निवासी कमलेश, मोमिनपुर निवासी रामदुलारी, हसनापुर के रामकिशोर, पावा गांव निवासी पत्रकार अंजनी पाठक, हसनापुर के उदय कुमार, कंजौरा के रामकुमार और विनय व उनकी पत्नी सीमा को सफीपुर स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। जबकि मामूली रुप से घायल हुए यात्रियों को स्थानीय नर्सिंगहोम में मरहम पट्टी कराने के बाद घर भेज दिया गया।