उन्नाव में लखनऊ-कानपुर हाईवे पर अजगैन के पास हादसे में क्षतिग्रस्त हुई बस।
- फोटो : UNNAO
नवाबगंज(उन्नाव)। लखनऊ-कानपुर हाईवे पर अजगैन कोतवाली क्षेत्र में रविवार सुबह कानपुर से गोरखपुर जा रही बस्ती डिपो की बस आगे चल रहे अज्ञात वाहन में पीछे से घुस गई। हादसा चालक को झपकी लगने से हुई जिससे उसकी मौत हो गई और 25 यात्री घायल हो गए। अफ रातफ री के बीच पुलिस ने घायलों को सीएचसी नवाबगंज में भर्ती कराया जहां से 15 यात्रियों को जिला अस्पताल रेफ र कर दिया गया। हाईवे पर जाम की समस्या देख पुलिस ने रूट डायवर्जन कर वाहनों को दूसरे रास्ते से निकाला। लगभग दो घंटे का समय पुलिस को हालात सामान्य कराने में लगा। वहीं, रोडवेज बस के परिचालक की तहरीर पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
कानपुर के झकरकटी से रविवार रात लगभग दो बजे 30 यात्रियों को लेकर बस्ती डिपो की बस गोरखपुर के लिए निकली। लखनऊ-कानपुर हाईवे पर अजगैन कोतवाली क्षेत्र के जगदीशपुर गांव के पास चालक को अचानक झपकी लग गई। जिससे बस आगे चल रहे अज्ञात वाहन में पीछे से घुस गई। हादसे में बस चालक बस्ती जिला के सदर कोतवाली क्षेत्र के डारीडीहा गांव निवासी हनीफ (50) पुत्र अनवर अली की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बस में बैठे 30 यात्रियों में 25 लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंचे एसओ संतोष कुमार सिंह ने आसपास चौकी के पुलिस बल को बुलाकर घायलों को सीएचसी पहुंचाया जहां से 15 यात्रियों को जिला अस्पताल रेफ र कर दिया गया। सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद 10 यात्रियों को दूसरी बस में बैठाकर गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।
बस के उड़ गए परखचे, दो घंटे जूझी पुलिस
हादसे में बस के परखचे उड़ गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस की आगे की सीटें तक उखड़ गईं। वहीं, बस के आड़े-तिरछे खड़े हो जाने से हाईवे पर जाम के हालात बन गए। कोतवाली के अपराध निरीक्षक अभिमन्यु मल्ल, चौकी प्रभारी जितेंद्र यादव, एसआई विमलकांत गोयल समेत अन्य पुलिस कर्मियों ने पेट्रोल पंप के पास से डायवर्जन कर वाहनों को निकलवाया। लगभग दो घंटे बाद यातायात सुचारू हो पाया। अजगैन कोतवाल संतोष सिंह ने बताया कि रोडवेज बस के परिचालक बस्ती निवासी सुनील सिंह की तहरीर पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
एआरएम पहुंचे जिला अस्पताल
हादसे में घायल हुए परिचालक समेत सवारियों का हाल जानने के लिए एआरएम जावेद अली जिला अस्पताल पहुंचे। जहां उन्होंने सभी का हाल जाना और कुछ आर्थिक मदद भी मुहैया कराई। वहीं, दुर्घटना में बस के चालक की मौत होने पर संवेदना व्यक्त की। उन्होंने चालक के परिजनों को भी सरकारी लाभ दिलाए जाने की बात कही है।