अलग-अलग जगहों पर सड़क दुर्घटनाओं में पांच लोगों की मौत हो गई। आसीवन में दो बाइकें आमने-सामने टकरा गईं। जबरदस्त टक्कर में दोनों बाइक सवारों की मौके पर ही मौत हो गई। इसी तरह बांगरमऊ में तेज रफ्तार बाइक मोड़ पर बेकाबू हो गिर गई। बाइक चला रहे युवक की मौत हो गई। पुलिस ने हादसे के वक्त किसी के भी हेलमेट न पहने होने की बात कही है। डॉक्टरों ने सिर में गंभीर चोट आने से मौत की बात कही है।
चकलवंशी के आसीवन के टिकवा गांव निवासी श्रवण (25) पुत्र हरीशंकर बुधवार को ससुराल वेबली गुलरिहा बांगरमऊ में अपनी बाइक लेने गया था। गुरुवार सुबह घर लौटते समय शेरपुर नहरिया आसीवन के पास दूसरी दिशा से आ रहे शहनूर (21) पुत्र नबीशेर निवासी शादीपुर बांगरमऊ की बाइक से आमने सामने टक्कर हो गई। जबरदस्त टक्कर में दोनाें बाइक सवार सिर के बल सड़क पर जा गिरे। घटनास्थल पर ही दोनों की मौत हो गई। घटना के समय बाइक सवार हेलमेट नहीं पहने थे। मृतक श्रवण होली त्योहार में पत्नी बच्चों के साथ ससुराल गया था। बाइक खड़ी कर बोलेरों से घर आ गया था। गुरुवार को बाइक लेकर घर लौट रहा था। दूसरा बाइक सवार बुआ को ससुराल छोड़कर घर लौट रहा था। एक अन्य घटना में बांगरमऊ के ताजपुर मुर्तजानगर निवासी दीपू (22) पुत्र कमलेश वर्मा बुधवार शाम बाइक से खेत जा रहा था। दौलतपुर के पास बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खंती में गिर गया। सिर में चोट आने से उसकी मौत हो गई।
उधर, लखनऊ-बांगरमऊ मार्ग पर तेज रफ्तार डीसीएम ने बाइक को टक्कर मार दी। सिर पर गंभीर चोट आने से दो की मौके पर मौत हो गई। तीसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर किया गया है। तीनों लखनऊ में राजगीर का काम करते थे। गुरुवार शाम एक बाइक पर सवार हो घर लौट रहे थे। पुलिस के अनुसार घटना के समय बाइक सवार हेलमेट नहीं पहने थे।
थाना क्षेत्र के राजापुर गांव निवासी रामबहादुर 35 पुत्र मदारी गांव के साथी बराती 32 पुत्र लाला व विकास 20 पुत्र शिवमंगल के साथ लखनऊ में राजगीर का काम करता था। गुरुवार शाम तीनों एक बाइक से घर लौट रहे थे। हसनगंज कस्बे से कुछ दूरी पर बांगरमऊ की ओर से आ रही तेज रफ्तार डीसीएम ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से तीनों उछलकर सड़क पर जा गिरे। डीसीएम का पहिया रामबहादुर और बराती को रौंदता निकल गया। घटनास्थल पर दोनों की मौत हो गई। विकास गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे आसपास के लोगों ने सीएचसी पहुंचाया। डॉक्टरों ने गंभीर हालत में ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। हादसे के बाद सड़क पर जाम के हालात बन गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सड़क से शव हटा मशक्कत के बाद जाम खुलवाया।