गंजमुरादाबाद। लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर ढुलौवा गांव के पास शनिवार की रात बाइक से बरात में शामिल होने से रहे दो भाइयों को तेज रफ्तार कार न टक्कर मार दी। हादसे में दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को बांगरमऊ सीएचसी ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने बड़े भाई को मृत घोषित कर दिया। छोटे भाई की हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बाइक सवार हेलमेट लगाए थे।
हरदोई जिले के मल्लावां थाना क्षेत्र के गांव पुरबावां निवासी कमलेश (40) की ससुराल बेहटामुजावर थाना क्षेत्र के गांव कन्हईखेड़ा में है। शनिवार को साले की शादी थी। बरात में शामिल होने के लिए भाई छोटे (30) के साथ बाइक से औरास जा रहा था।
रात लगभग नौ बजे बेहटामुजावर थाना क्षेत्र के ढुलौआ गांव के पास लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर तेज रफ्तार कार ने बाइक में टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल दोनों भाइयों को पुलिस ने बांगरमऊ सीएचसी पहुंचाया, वहां डॉक्टरों ने कमलेश को मृत घोषित कर दिया। छोटे की हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
कमलेश की मौत की सूचना ससुराल कन्हईखेड़ा पहुंचते ही शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। मंगल गीतों की जगह करुण कंद्रन की आवाजें सुनाई देने लगीं। कमलेश की पत्नी मौत की खबर सुनते ही बेहोश हो गई। पुत्र संदीप (8) व सुमित (6) का रो-रोकर बेहाल है।