बेहटामुजावर थाना क्षेत्र में कार की टक्कर मृत कमलेश का फाइल फोटो
- फोटो : UNNAO
पाटन/बांगरमऊ। बिहार थाना क्षेत्र में लोडर की टक्कर से बच्ची व बेहटामुजावर थाना क्षेत्र में कार की टक्कर से बाइक सवार की मौत हो गई। एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसा-एक
बिहार के सरैया कोटवर निवासी दिलीप की पांच वर्षीय पुत्री सिमरन बुधवार सुबह 11 बजे घर के बाहर खेल रही थी। खेलते हुए घर के सामने से निकली बिहार से मौरावां जाने वाली सड़क पर पहुंच गई। तभी तेज रफ्तार लोडर ने बच्ची को टक्कर मार दी। घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद चालक लोडर छोड़कर मौके से भाग निकला। प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह ने बताया है कि परिजनों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। बच्ची की मौत से मां रामरानी बेहाल हो गई। बताया कि उसके पति दिल्ली में रहकर प्राइवेट नौकरी करते हैं। वह दो बेटियों व अन्य परिजनों के साथ घर पर रहती है। -
हादसा-2
बेहटामुजावर के ग्राम शिवबक्सखेड़ा मजरा रसूलपुर रूरी निवासी कमलेश कुमार (45) बुधवार शाम अपने भाई के साले औरास के खढ़वल गांव निवासी सोनू (25) पुत्र बलबीर के साथ बाइक से बांगरमऊ गया था। घर लौटते वक्त लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस की सर्विस लेन पर जोगीकोट के निकट सामने से आ रही कार ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बहनोई कमलेश व साला सोनू घायल हो गया। दोनों को सीएचसी ले जाया गया। वहां डॉक्टर ने कमलेश को मृत घोषित कर दिया। सोनू को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया है। हेलमेट लगा होने से बाइक चला रहे सोनू की जान बच गई। कमलेश की मौत से पत्नी बिसुना देवी, बेटी सीमा और बेटे संदीप, शैलेंद्र व सत्येंद्र का रोकर बुरा हाल है। हादसे के बाद चालक कार छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने कार को कब्जे में लिया है।