लखनऊ-कानपुर हाईवे पर हादसे के बाद जाम में फंसे वाहन।
- फोटो : UNNAO
सोनिक। लखनऊ-कानपुर हाईवे पर गुरुवार सुबह टायर फटने से तीन कारें आपस में टकरा गईं। हादसे में छह लोग घायल हो गए। घायलों ने नर्सिंगहोम में इलाज कराया। हादसे के बाद वाहन सवारों के जल्दी निकलने की होड़ में जाम लग गया। दो किमी दूर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर लगभग दो घंटे की मशक्कत के बाद आवागमन शुरू कराया।
गुुरुवार सुबह 10.30 बजे अजगैन के मुर्तजा नगर के पास लखनऊ से कानपुर की ओर जा रही कार का टायर अचानक फट गया। कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में चली गई। इसी दौरान कानपुर से लखनऊ की ओर जा रही बोलेरो व एक अन्य कार उससे टकरा गई।
आपस में तीन कारों के टकराने से अफरातफरी मच गई। हादसे में बोलेरो सवार चौसंधा गांव निवासी पंकज कुमार (40), अचलगंज निवासी कुलदीप (24) उनकी माता मुनारी देवी (45), अचलगंज के पकरा गांव निवासी मेवालाल, उनकी पत्नी मुन्नी देवी व रमेश घायल हो गए। वहीं कार सवार बिछिया के सराय कटियान गांव स्थित जूनियर विद्यालय की शिक्षिका वंदना दीक्षित को मामूली चोटें आईं। हादसे के बाद हाईवे पर जाम लग गया। पुलिस ने राहगीराें की मदद से घायलों को अस्पताल भिजवाया और जाम खुलवाने की कोशिश शुरू कर दी।
जल्दी निकलने की होड़ मेें चालकों ने आड़े-तिरछे वाहन खड़े कर दिए। जिससे दो किमी तक लंबा जाम लग गया। एसओ अजगैन संतोष सिंह ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया। दो घंटे बाद पुलिस आवागमन सामान्य करा सकी।