उन्नाव। बांगरमऊ औरास, असोहा व सफीपुर कोतवाली क्षेत्र में चार मार्ग दुर्घटनाओं में दो लोगों की मौत और चार बच्चों समेत 11 लोग घायल हो गए। घायलों को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। औरास में हुई दुर्घटना में मृतक परिवार के लोगों के साथ रिश्तेदार की बेटी की शादी से कार से घर लौट रहा था। तेज रफ्तार होने से कार पेड़ से टकरा गई। इससे कार चला रहे युवक की मौत हो गई।
औरास। फतेउल्लानगर निवासी अमृतलाल यादव (62) अपने बेटे अखिलेश यादव (35) व परिवार के ही आलोक कुमार (8) पुत्र अरविंद कुमार, प्रिंस (11) पुत्र अभिषेक कुमार, भाई भाई प्रांजल (8) व पल्लवी (10) पुत्री महेंद्र कुमार के साथ बुधवार शाम औरास के मड़िया प्रतापपुर गांव निवासी अपने रिश्तेदार कुंवरपाल यादव की बेटी अर्चना यादव की शादी में शामिल होने गए थे। रात 11 बजे वह सभी के साथ कार से घर लौट रहे थे। संडीला-चकलवंशी मार्ग पर औरास थाना क्षेत्र के शीशी चौराहे पर तेज रफ्तार कार अनियंत्रित हो सड़क किनारे खड़े जामुन के पेड़ से टकरा गई। हादसे में कार चला रहे अखिलेश की मौके पर मौत हो गई। मृतक का पुत्र अखिलेश व अन्य चारों बच्चे घायल हो गए। अमृतलाल की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। वहीं मड़िया प्रतापपुर गांव के कुंवरपाल की बेटी अर्चना की शादी में गए औरास के मनिकापुर गांव निवासी उमेश (24) व राम किशोर (35) की बाइक को शीशी चौराहा पर अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों घायल हो गए। बाइक चला रहा उमेश हेलमेट लगाए था।
गंजमुरादाबाद। अमीरपुर गंभीरपुर निवासी मजदूर रिंकू (29) गांव में आयोजित होने वाले एक वैवाहिक कार्यक्रम के लिए गुरुवार को ट्रैक्टर-ट्राली से टेंट का सामान लादने महमदाबाद जा रहा था। सुबह 10 बजे महमदाबाद-कलवारी मार्ग पर ग्राम तहिरापुर के निकट ट्रैक्टर का एक पहिया गड्ढे में चला गया। रिंकू सड़क पर गिर गया। ट्राली का पहिया उसके ऊपर से निकल गया। हादसे में रिंकू की मौत हो गई। छोटे भाई बंटी, शिवम व मां नन्ही देवी का रो-रोकर बुरा हाल रहा।
असोहा। बरौली निवासी जगतपाल (45) अपनी पत्नी नीतू तथा बेटी आंचल के साथ ससुराल थाना क्षेत्र के ही समाधा से बाइक से वापस बरौली लौट रहे थे। रास्ते में असोहा-कालूखेड़ा मार्ग पर भट्ठा के पास सामने से आ रहे लोडर ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार तीन लोग घायल हो गए। हादसे के बाद चालक लोडर छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने लोडर को कब्जे में लिया है। बाइक चला रहा जगतपाल हेलमेट लगाए था।
सफीपुर। जमल्दीपुर गांव निवासी गोपी (25) पुत्र लालबहादुर किसी काम से सफीपुर जाने के लिए पैदल घर से निकला। गांव से निकलते ही उन्नाव-हरदोई मार्ग पर पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में गोपी घायल हो गया। परिजनों ने सीएचसी में भर्ती कराया है।