पुरवा के तारागढ़ी में करेंट की चपेट में आए मृतक लखन की रोती बिलखती पत्नी रिंकी।
- फोटो : UNNAO
पुरवा। कोतवाली के गांव तारागढ़ी में घर के बरामदे में चारपाई पर लेटे युवक पर बिजली का तार टूटकर गिरा। जिससे वह करंट की चपेट में आकर गंभीर हालत में झुलस गया। परिजन उसे सीएचसी लाए। जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। बड़े भाई की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
तारागढ़ी निवासी प्रेमशंकर का छोटा भाई लखन कुमार (32) घर के बाहर बरामदे में सो रहा था। शुक्रवार सुबह बिजली का तार टूट कर उसके सीने पर गिर गया। जिससे लखन करंट की चपेट में आकर झुलस गया। बर्तन धो रही पत्नी रिंकी की नजर पड़ी तो शोर मचाते हुए भागी। परिजनों ने उसे सीएचसी पहुंचाया जहां डॉक्टर ने लखन को मृत घोषित कर दिया। मृतक वैवाहिक कार्यक्रम में बैंड बाजा बजाने का काम करता था।
खाली समय में मजदूरी करके जीवनयापन करता था। लखन के नाम 5 बिस्वा जमीन है। घटना से पत्नी रिंकी, मां रामरती व बच्चों दिनसान, रिमझिम का रोकर बुरा हाल है। मृतक सात भाइयों में छठे नंबर का था। प्रेमशंकर की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। कोतवाल अनिल सिंह ने बताया कि बिजली का करंट लगने से मौत हुई है।