पुरवा। पुरवा-सोहरामऊ मार्ग पर दो दिन पहले घायल हुए 40 वर्षीय युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजन शव को पुरवा लाए। सूचना पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम अभूषा निवासी रज्जन ने बताया कि मेरा बड़ा भाई राकेश (40) पुत्र बिशेश्वर मुंबई में सिलाई का काम करता था। लॉकडाउन में वह घर आ गया था। सात सितंबर को बाइक से निहालखेड़ा जा रहा था। पुरवा-सोहरामऊ मार्ग पर ग्राम अभूषा स्थित ईंट-भट्ठा के निकट दूसरी बाइक से उसकी आमने-सामने टक्कर हो गई थी। हादसे में राकेश गंभीर रूप से घायल हो गया था। परिजनों ने लखनऊ के निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। धन के अभाव में परिजन बुधवार को उसे निजी अस्पताल से हैलट कानपुर ले जा रहे थे। रास्ते में उसकी मौत हो गई। परिजन शव को घर ले आए और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। पत्नी राजकुमारी व मां जनकदुलारी समेत मासूम पांच बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।