चकलवंशी। माखी थाना क्षेत्र के सथरा के मजरा करीमाबाद निवासी वीर सिंह (25) पुत्र रामबिलास बीएससी नर्सिंग कोर्स कर रहा था। मंगलवार सुबह लगभग 9 बजे वह नया फ्रिज खरीदकर घर लाया और बिजली के बोर्ड में फ्रिज का प्लग लगाने लगा।
इसी दौरान अचानक विद्युत सप्लाई शुरू होने से वह करंट की चपेट में आकर झुलस गया। परिजनों ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। पिता रामबिलास, मां उर्मिला व भाई दिल्ली में रहकर मजदूरी करते हैं।
मृतक की पत्नी ने फोन से परिजनों को सूचना दी। उन्होंने देर रात तक घर पहुंचने की बात कही है। मृतक की पत्नी पिंकी ने बताया कि एक साल पहले ही उसकी शादी हुई थी। पति की मौत से उसका रो-रोकर बुरा हाल है। एसओ संतोष सिंह ने घटना की जानकारी से इंकार किया है।