फोटो-26-कमलेश (फाइल फोटो)।
27-मांग पर अड़े परिजनों को समझाते सीओ अरविंद कुमार चौरसिया। संवाद
आर्थिक मदद मिलने के आश्वासन के बाद परिजनों ने कब्रिस्तान में शव दफनाया
हाइड्रा ट्रॉली में बैठकर पांचवीं मंजिल पर जा रहा था, तीसरी मंजिल पर ट्रॉली लड़ी
संवाद न्यूज एजेंसी
सफीपुर। सोहरामऊ के आशाखेड़ा स्थित कॉलेज की पांचवीं मंजिल पर हाइड्रा ट्रॉली में बैठकर छत्ते से शहद छुड़ाने जा रहे युवक की गिरकर मौत हो गई। बुधवार को परिजनों ने आर्थिक मदद न मिलने तक अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया। सीओ ने परिजनों को आर्थिक मदद दिलाने का आश्वासन दिया। इसके बाद शव को कब्रिस्तान में दफन कर दिया गया।
आसीवन थानाक्षेत्र के कस्बा मियागंज के मोहल्ला बड़ी बाजार निवासी कमलेश कंजर (25) की सोहरामऊ के आशाखेड़ा में ससुराल है। वह 15 दिन पहले अपनी ससुराल गया था। मंगलवार को वह श्रीराम मूर्ति स्मारक संस्थान आशाखेड़ा की पांचवीं मंजिल पर मधुमक्खियों के लगे छत्ते से हॉइड्रा ट्रॉली की मदद से शहद निकाल रहा था। उसके साथ आशाखेड़ा निवासी साथी राजकपूर (26) भी था।
इस दौरान हाइड्रा की ट्रॉली में बैठकर वह पांचवीं मंजिल पर जा रहा था तभी चालक ने तीसरी मंजिल में ही हाइड्रा ट्रॉली को लड़ा दिया। घटना में कमलेश गिरकर गंभीर घायल हो गया था। अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई थी। सोहरामऊ पुलिस ने जांच की थी और शव का पोस्टमार्टम कराया था।
बुधवार सुबह परिजनों ने हाइड्रा चालक पर कार्रवाई और आर्थिक मदद की मांग करते हुए शव दफनाने से मना कर दिया। सीओ अरविंद चौरसिया पुलिस बल के साथ मौके पर परिजनों से बात की और आर्थिक मदद का आश्वासन दिया। लेखपाल सुधीर त्रिपाठी ने रिपोर्ट शासन को भेजने की बात कही। पति की मौत से पत्नी पत्नी सविता, मां गुलाबपति बेहाल हैं। चार साल का बेटा सूर्या है। सीओ ने बताया कि बंथरा के गांव जुनाबगंज निवासी चालक अली अकबर खान पर एफआईआर दर्ज करने के साथ हाइड्रा को कब्जे में लिया गया है।