बांगरमऊ। उम्मरपुर बख्तौरी गांव में रविवार सुबह 11 बजे हर घर जल योजना के लिए मशीन से भूमिगत पाइप लाइन डालने के दौरान श्रमिक का गमछा मशीन में फंस गया। गंभीर हालत में साथी श्रमिकों ने सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
आजमगढ़ जिले के थाना मेंहनगर रसूलपुर के गांव बरवासागर निवासी जयनारायण (33) हर घर जल योजना के तहत कार्यदाई संस्था के ठेकेदार के साथ काम करता था। रविवार को वह बांगरमऊ कोतवाली के उम्मरपुर बख्तौरी गांव में मशीन से खोदाई और पाइप डालने का काम चल रहा था। इसी दौरान जयनारायण के सिर में बंधा गमछा मशीन के पंखे में फंसने से उसकी मौत हो गई। मजदूरों ने बताया कि दो दिन से गांव में काम चल रहा था, अभी सिर्फ 200 मीटर तक पाइप डालने का काम पूरा हो पाया था।
कोतवाल अमरनाथ सिंह ने बताया कि परिजनों को सूचना दी गई है, उनके आने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।