उन्नाव। जिला अस्पताल में हुई चोरी की घटनाओं में पकड़े गए दो आरोपियों में से एक पुलिस चौकी से भाग निकला था। पुलिस ने दसवें दिन उसे लखनऊ से गिरफ्तार कर लिया है। चोरी की आरोपी की गिरफ्तारी के बाद एसपी ने दोनों सिपाहियों को बहाल कर दिया है।
जिला अस्पताल के ब्लड बैंक प्रभारी अनुराग कुमार ने सदर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 26 मई को चोरों ने ब्लड बैंक सहित अलग-अलग स्थानों से सात एसी के आउटडोर और यूनिट पाइप चोरी कर लिए थे। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर नजर आए चोरों में तालिब सरांय मोहल्ला निवासी अलीअहमद, उसके दामाद गुलजार को 12 जून को गिरफ्तार किया था।
उसी दिन दोपहर बाद मुख्य आरक्षी जितेंद्र कुमार और आरक्षी लोकेंद्र को झपकी आने से गुलजार भाग निकला था। भागने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद एसपी ने दोनों को निलंबित कर दिया था। बता दें कि घटना के समय चौकी इंचार्ज अंजनी सिंह भी वहीं थे, वह सिपाहियों को बिना बताए निकल गए थे, इसी का फायदा चोर ने उठाया था। 19 जून को पुलिस ने चोर की लोकेशन लखनऊ मिलने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा है। कोतवाल अवनीश सिंह ने बताया कि चोर को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।