उन्नाव। शुक्लागंज-उन्नाव मार्ग पर अकरमपुर स्थित धर्मकांटा के पास डंपर की टक्कर से स्कूटी सवार टेंट कारोबारी की मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने डंपर को पकड़ लिया है। वह हेलमेट नहीं लगाए था।
सदर कोतवाली के अवस्थीखेड़ा निवासी रमेश चंद्र (45) गांव में टेंट का काम करते थे। शनिवार सुबह वह पत्नी संगीता के साथ स्कूटी से गोकुलबाबा मंदिर में दर्शन करने पहुंचे। वहां से वह शहर में खरीदारी करने जा रहे थे। शुक्लागंज-उन्नाव मार्ग पर अकरमपुर स्थित धर्मकांटा के पास मुड़ रहे डंपर की टक्कर से वह सड़क पर गिर गए। डंपर के पिछले पहिए के नीचे आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस ने जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देख कानपुर हैलट भेज दिया। वहां इलाज के दौरान मौत हो गई। उनकी मौत पर पत्नी संगीता, दो बेटे शुभम और लाभम समेत अन्य परिजन बेहाल हैं। मृतक तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। मगरवारा चौकी प्रभारी अरुण उपाध्याय ने बताया कि कानपुर में मौत होने की जानकारी मिली है। डंपर को कब्जे में ले लिया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।