पाटन। बिहार थानाक्षेत्र में चार दिन पहले सराफ के साथ हुई लूट की घटना में पुलिस ने अब पीड़ित के परिचितों के मोबाइल नंबरों को सर्विलांस पर लगाया है। साथ ही रायबरेली जेल से हाल ही में छूटकर आए लुटेरों पर भी एसओजी नजर रख रही है। कई संदिग्धों को उठाकर पूछताछ की जा रही है।
बिहार थानाक्षेत्र के भगवंतनगर निवासी सराफ व्यापारी उमेश कुमार सोनी के साथ 25 दिसंबर को दो बाइक सवार चार लुटेरों ने लूट की घटना को अंजाम दिया था। सात लाख कीमत के जेवर लूटकर आरोपी भाग निकले थे। घटना के खुलासे के लिए पुलिस के साथ एसओजी लगी है। वहीं, एएसपी और सीओ भी लगातार इसकी मॉनीटरिंग कर रहे हैं। एसओजी सूचीबद्ध कर अपराधियों और हिस्ट्रीशीटरों से पूछताछ कर रही है। पीड़ित के परिचितों के मोबाइल नंबर भी सर्विलांस पर लगे हैं। लूट की घटना को रायबरेली की ओर से आए लुटेरों के करने का शक है इसलिए वहां हाल ही में छूटे लुटेरों का भी पता लगाया जा रहा है। थानाध्यक्ष सुरेशचंद्र मिश्रा ने बताया कि जांच चल रही है। जल्द ही खुलासा होगा।