असोहा। कालूखेड़ा-मझिगवां मार्ग पर समाधा गांव मोड़ के पास तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पांच फीट गहरी खंती में चली गई। हादसे में बाइक सवार तीन युवक घायल हो गए। तीनों को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया था जहां इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो गई। दो का घायलों का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। बाइक सवार हेलमेट लगाए थे।
असोहा थानाक्षेत्र के गांव प्रसादखेड़ा निवासी रामबाबू गौतम (32) मजदूरी करने के साथ खेती का काम करता था। शनिवार सुबह वह गांव के ही महावीर (31) व सज्जन (32)) के साथ बाइक से मजदूरी के लिए गया था। देर शाम घर लौटते समय कालूखेड़ा-मझिगवां मार्ग पर समाधा मोड के पास बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खंती में गिर गई। हादसे में बाइक चला रहे रामबाबू गौतम समेत तीनों युवक घायल हो गए।
राहगीरों ने एंबुलेंस बुलाकर तीनों को असोहा सीएचसी पहुंचाया जहां से प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इलाज के दाैरान रामबाबू की मौत हो गई। पति की मौत से पत्नी अंजू, मां सियादुलारी और अन्य परिजन बेहाल हैं। रामबाबू के दो बच्चाें में यश और दिव्यांश हैं। थानाध्यक्ष फूल सिंह ने बताया कि अनियंत्रित बाइक सड़क किनारे खंती में गिर गई थी। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।