उन्नाव। शहर कोतवाली के मोहल्ला आवास-विकास में रहने वाले राजेश शुक्ला के यहां शार्ट सर्किट से आग लग गई। इससे पंद्रह हजार रुपये सहित लाखों का सामान जलकर राख हो गया। सूचना पर पहुंची दमकल की दो गाड़ियों ने आग पर काबू पाया।
आवास विकास मोहल्ले में रहने वाले राजेश शुक्ला का दो मंजिला मकान बना है। शुक्रवार सुबह अचानक मकान के दूसरे मंजिल पर शार्ट सर्किट से आग लग गई। थोड़ी ही देर में आग इतनी भयावह हो गई कि मोहल्ले वाले उस काबू नहीं पा सके। सूचना दमकल विभाग को दी गई।
लगभग पंद्रह मिनट बाद पहुंची दो गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। आग से घर का लगभग सारा सामान जल गया। राजेश के मुताबिक एक लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है।
इसकी जानकारी होने पर सदर विधायक पंकज गुप्ता पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाने पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार को तात्कालिक रूप से आर्थिक सहायता प्रदान करते हुए खान-पान का भी प्रबंध करवाया। उन्होंने परिजनों को आश्वासन दिया उनकी हर संभव मदद की जाएगी।