उन्नाव। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर कलेक्ट्रेट सहित सभी सरकारी विभाग रोशनी से नहा उठे। बाजारों में सजी दुकानों से बच्चों ने झंडे व बिल्ले खरीदे। बाजार में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। शहर और रेलवे स्टेशन पर पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान चलाकर जांच पड़ताल की।
शनिवार को राष्ट्रीय पर्व स्वतंत्रता दिवस मनाया जाएगा। इसके लिए शुक्रवार को जिलाधिकारी कार्यालय, पुलिस लाइन सहित अन्य सरकारी विभागों में रोशनी की गई। सरकारी विभागों को झालरों से सजाया गया। पूर्व संध्या पर सभी कार्यालय रोशनी से नहा उठे। वहीं स्वतंत्रता दिवस को लेकर बच्चों में खासा उत्साह दिखा।
बाजारों में सजी दुकानों में झंडे, बिल्ले आदि खरीदने के लिए बच्चों की भीड़ लगी रही। वहीं, 15 अगस्त के चलते शहर की प्रमुख बाजारों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहे। रेलवे स्टेशन पर शाम को सिविल पुलिस, जीआरपी व आरपीएफ ने संयुक्त रूप से चेकिंग अभियान चलाया। चप्पे-चप्पे की तलाशी ली गई। ट्रेनों को रोककर जांचा गया।
वहीं, शहर के बाईपास तिराहे, धवन रोड, स्टेशन रोड आदि जगहों पर पुलिस अधिकारियों ने वाहनों और संदिग्ध लोगों की जांच पड़ताल की। हर गाड़ी को रोककर चेक किया। वाहनों में रखे लगेज को भी खुलवाकर देखा। सीओ सिटी गोपीनाथ सोनी ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस पर सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं।
चौराहों व प्रमुख बाजारों में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। चेकिंग अभियान के दौरान कोतवाली एसएसआई, महिला थानाध्यक्ष स्नेहलता, अस्पताल चौकी प्रभारी इंदु यादव, दोस्तीनगर चौकी इंचार्ज दयानंद पांडेय व दही चौकी प्रभारी प्रमोद कुमार यादव समेत अन्य पुलिस अधिकारी व सिपाही मौजूद रहे।