सफीपुर कोतवाली क्षेत्र में उन्नाव-हरदोई मार्ग पर माथर गांव के पास तेज रफ्तार प्राइवेट बस ने साइकिल सवार दो छात्रों को टक्कर मार दी। हादसे में एक छात्र की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। हादसे के बाद चालक ने बस सहित भागने का प्रयास किया। लोगों ने पीछा करने पर चालक घटनास्थल से करीब एक किमी दूर बस खड़ी कर भाग निकला। गुस्साए लोगों ने जाम लगा दिया और बस मालिक को बुलाने की मांग पर अड़ गए।
सूचना पर बांगरमऊ सीओ, कोतवाली प्रभारी व नायब तहसीलदार पहुंचे। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल छात्र को सीएचसी भेजा बाद में उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। काफी प्रयास के बाद भी जाम न खुलने की सूचना पर एसडीएम बांगरमऊ मौके पर पहुंचे और परिजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष से दो लाख रुपये मुआवजा दिलाने और बस मालिक को थाने बुलाकर कार्रवाई का आश्वासन दिया तब लोग शांत हुए। इस दौरान करीब दो घंटे तक हरदोई-उन्नाव मार्ग जाम रहा।
सरांय अख्तियारपुर गांव निवासी पिंटू का पुत्र अभय (15) माथर के पास स्थित बीआरए सर्वोदय इंटर कालेज में कक्षा नौ का छात्र था। मंगलवार शाम को छुट्टी के बाद वह गांव के ही अपने दोस्त राहुल (14) पुत्र रजयपाल के साथ साइकिल से घर लौट रहा था। अभय साइकिल चला रहा था। माथर के निकट उन्नाव से हरदोई की ओर जा रही तेज रफ्तार बस ने साइकिल में टक्कर मार दी। साइकिल चला रहा अभय और राहुल उछलकर काफी दूर सड़क पर गिर गए। भागने के प्रयास में चालक अभय को कुचलते हुए निकल गया।
जिससे छात्र अभय की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि राहुल गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर मारने के बाद चालक बस सहित भाग निकला। बाद में भीड़ को आते देख वह करीब एक किमी दूर खड़ी कर भाग निकला। हादसे के बाद सैकड़ों ग्रामीण व परिजन मौके पर पहुंचे और जाम लगा दिए। परिजन बस मालिक को मौके पर बुलाने की मांग कर रहे थे। सूचना पर सफीपुर कोतवाली प्रभारी हनुमान प्रसाद पांडेय व नायब तहसीलदार शशिबिंद द्विवेदी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया।
कुछ देर बाद एसडीएम बांगरमऊ इंद्रसेन यादव व सीओ रामअर्ज घटनास्थल पर पहुंचे और परिजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष से दो लाख रुपये मुआवजा दिलाने के साथ ही बस मालिक को थाने बुलाने का आश्वासन दिया। उसके बाद हंगामा शांत हुआ। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
बदहवास हो गए माता-पिता
मृतक अभय के पिता पिंटू सफीपुर के एक कोल्ड स्टोर में मुनीम हैं। बेटे की मौत की खबर सुनते ही वह बेहोश हो गए। वहां मौजूद लोगों ने पानी के छींटे डाले तब वह होश में आए। बदहवास हालत में उन्हें घटनास्थल पर पहुंचाया गया। वहीं मां आशा भी बेटे का शव देखकर गश खाकर गिर पड़ी।
लगा लंबा जाम, किया रूट डायवर्जन
हादसे के बाद सफीपुर-हरदोई मार्ग पर कई किमी लंबा जाम लग गया तो पुलिस ने रूट डायवर्जन कराया। बांगरमऊ की ओर जाने वाले बड़े वाहनों को हुलासी कुआं-तकिया मार्ग होते हुए बांगरमऊ जाने वाले रास्ते से गुजारा गया। चार पहिया व दो पहिया वाहनों को गांवों के भीतर से निकाला गया।