उन्नाव। जिन शहरों में भाजपा सत्ता में आएगी वहां हाथ ठेले और फेरी वालों के लिए बाजार बनवाए जाएंगे। साथ ही ठेलेवालों को स्थाई लाइसेंस भी दिए जाएंगे। साथ ही स्कूल और छात्रावास का निर्माण भी कराया जाएगा। यह बात मंगलवार को पत्रकारों से चर्चा में भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सूर्य प्रताप शाही ने कही।
आवास विकास कालोनी में एक कार्यकर्ता के घर पत्रकारों से बात कर रहे शाही ने दवा किया कि ज्यादा से ज्यादा निकायों में भाजपा जीत दर्ज करेगी। कहा कि भाजपा के पास शहरों के विकास का ठोस दृष्टिकोण है। प्रदेश में भाजपा की सरकार के कार्यकाल में निकायों को स्वावलंबी बनाने के कई कार्य किए गए। उन्होंने कहा कि जिन निकायों में भाजपा जीतेगी वहां स्कूल, विकलांगों के लिए छात्रावास, रैन बसेरा, विवाह मंडप प्राथमिकता से बनाए जाएंगे। पेयजल, स्ट्रीट लाइट की समस्याएं भी दूर की जाएंगी। भाजपा नेता ने कहा कि निकायों को मजबूत करने के लिए संविधान के 74वें संशोधन को लागू होना जरूरी है। महात्मा गांधी और दीनदयाल उपाध्याय भी निकायों को मजबूत करने के पक्ष में थे।
अखिलेश सरकार से जनता निराश
उन्नाव। पूर्व मंत्री शाही ने कहा कि अखिलेश सरकार के तीन महीने के कार्यकाल में ही जनता निराश हो गई है। सभी बेरोजगारों को भत्ता देने का वादा कर सरकार में आई सपा अब छलावा कर रही है। किसानों के साथ भी धोखा किया है। घोषणा पत्र में 50 हजार तक कर्ज माफ करने का वादा किया गया था लेकिन उस पर अमल नहीं किया जा रहा है। हार के डर से ही सपा निकाय चुनाव से पीछे हट गई है।
शाही को नहीं पता सुषमा कहां से सांसद
उन्नाव। तीन महीने पहले तक भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रहे सूर्य प्रताप शाही को यह ही नहीं पता है कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष सुषमा स्वराज कहां से सांसद हैं। उनसे सवाल किया गया कि क्या ये माना जाए कि कन्नौज और मांट में भाजपा ने हार के भय से ही प्रत्याशी नहीं उतारे। इसके जवाब में शाही ने कहा कि प्रदेश में सरकार होने के चलते सपाइयों ने भाजपा प्रत्याशी को पर्चा ही दाखिल नहीं करने दिया। इस पर उनसे सवाल किया गया कि मप्र की जिस विदिशा सीट से सुषमा स्वराज सांसद हैं वहां से चुनाव के समय कांग्रेस प्रत्याशी राजकुमार पटेल नामांकन दाखिल नहीं कर पाए थे, तो क्या वहां भाजपा ने उन्हें पर्चा दाखिल करने नहीं दिया था। इस पर असजह शाही ने कह दिया कि सुषमा स्वराज विदिशा से सांसद ही नहीं है।